पावटा (राहुल शर्मा): ग्राम चोबाला की स्वामियों की ढाणी में मंगलवार को तीन-चार आवारा श्वानों ने एक नीलगाय के बच्चे पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए श्वानों को भगाकर बच्चे की जान बचाई और तुरंत पशु चिकित्सा विभाग को सूचना दी।
*समय पर पहुंचे पशुधन निरीक्षक*
ग्रामीणों की सूचना पर पशुधन निरीक्षक गोविंद भारद्वाज तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल नीलगाय के बच्चे का उपचार शुरू किया। भारद्वाज ने बताया कि श्वानों के हमले से बच्चे के पेट पर गहरे घाव हो गए थे। मौके पर ही प्राथमिक उपचार करते हुए घाव की सफाई कर ड्रेसिंग की गई और जरूरी दवाइयां दी गईं।
*ग्रामीणों की सतर्कता से बची जान*
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नीलगाय का बच्चा खेतों के पास विचरण कर रहा था, तभी श्वानों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। ग्रामीणों ने शोर मचाकर और दौड़कर श्वानों को भगाया। समय रहते बच्चे को छुड़ा लेने से उसकी जान बच गई। पशुधन निरीक्षक गोविंद भारद्वाज ने ग्रामीणों की संवेदनशीलता की सराहना की और कहा कि वन्यजीवों की सुरक्षा हम सबकी जिम्मेदारी है। फिलहाल नीलगाय का बच्चा खतरे से बाहर है और निगरानी में है।