रानीवाड़ा/जालौर (महेंद्र देवासी): जिला कलक्टर डॉ.प्रदीप के. गावंडे की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विभागीय अधिकारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में डॉ.प्रदीप के. गावंडे ने केन्द्र व राज्य सरकार की विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं तथा बजट घोषणा वर्ष 2026-27 की क्रियान्वयन प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि संबंधित विभागीय अधिकारी बजट घोषणाओं की क्रियान्विति प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करें। उन्होंने बजट घोषणाओं के तहत आहोर में खेल स्टेडियम का निर्माण, उण(आहोर), खेतलावास, दादाल में 33/11 केवी जीएसएस निर्माण, सांचौर में सहायक निदेशक कृषि विस्तार कार्यालय की स्थापना सहित सार्वजनिक निर्माण विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, युवा एवं खेल मामले विभाग, पशुपालन विभाग सहित विभिन्न विभागों की बजट घोषणाओं को तय समय सीमा में पूर्ण करने के भी निर्देश दिए। ज़िला कलक्टर ने केंद्रीय एवं राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं यथा-पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, ज़िलें में आधारभूत संरचना, पर्यटन उन्नयन, सांस्कृतिक संरक्षण, स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग तथा नवाचार आधारित परियोजनाओं हेतु पंच गौरव योजना, आंगनबाड़ी केंद्रों का नंद घर स्वरूप में परिवर्तन, ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवाओं को ओपन जिम की सुविधा प्रदान करना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल निष्पादन हेतु दिशा-निर्देश दिए।
*संपर्क पोर्टल परिवादों की हो नियमित मॉनिटरिंग*
जिला कलक्टर डॉ.प्रदीप के. गावंडे ने संपर्क पोर्टल पर प्राप्त परिवेदनाओं की विभागवार समीक्षा की तथा विभागीय अधिकारियों को संपर्क पोर्टल पर प्राप्त आमजन की परिवेदनाओं का त्वरित रूप से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नंदकिशोर राजोरा, ज़िला रसद अधिकारी नमिता नारवाल, पीडल्ब्यूडी के एसई रमेश सिंगारिया, पीएचईडी के एसई संजय शर्मा व डीओआईटी के संयुक्त निदेशक कपिल लूणा सहित अधिकारी-कार्मिक उपस्थित रहे।