निवाई (लालचंद माली): दीनदयाल कॉलोनी में एसबीआई बैंक के पास स्थित मंशापूर्ण बालाजी मंदिर में श्री राधा रानी की कृपा से संगीतमय श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ कुंज बिहारी आश्रम से कलश यात्रा के साथ हुआ। इस दौरान देव प्रतिष्ठा व श्री भागवत महात्म्य प्रसंग की शुरुआत की गई, जिसमें श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। मुख्य कथा वाचक वृन्दावन से दीदी सुश्री नन्दिनी महाराज द्वारा नारद पूर्व चरित्र व परीक्षित जन्म एवं श्राप की कथा सुनाई गई। उन्होंने ध्यान विधि, सृष्टि वर्णन, कपिल अवतार, ध्रुव चरित्र व बावन अवतार प्रसंग का वर्णन किया। इसी प्रकार भगवान राम व कृष्ण अवतार की विशेष कथा का आयोजन किया गया। कार्यकर्ता संतोष देवी ने बताया कि कथा को लेकर 21 जून को सम्पूर्ण बृज लीला व गोवर्धन पूजा का भव्य प्रसंग आयोजित होगा। 22 जून को महारास, कंस वध व रुक्मणी विवाह के प्रसंगों का सजीव वर्णन किया जाएगा। वहीं 23 जून को प्रद्युम्न जन्म, जरासंध वध, सुदामा चरित्र व कथा विराम के साथ ही हवन पूर्णाहुति करके इस सात दिवसीय महायज्ञ का समापन किया जाएगा। इस अवसर पर कार्यकर्ता संतोष देवी, मुनमुन कुमावत, पूजा गुर्जर, कृष्णा बेनीवाल, रेखा भडाना, सीता, मुकेश भड़ाना, यशवंत गुर्जर, मोहित भड़ाना, अंकित चौधरी, अनियाग भडाना सहित कई श्रद्धालु मौजूद थे।
3/related/default