योगमय होगा निवाई: कृषि उपज मंडी में आज ब्लॉक स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस आयोजन, तैयारियां पूरी

AYUSH ANTIMA
By -
0



निवाई (लालचंद माली): अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर उपखंड क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। प्रशासन द्वारा आयोजित ब्लॉक स्तरीय मुख्य योग कार्यक्रम के लिए सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। रविवार सुबह कृषि उपज मंडी प्रांगण में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी और आमजन योग साधना से जुड़ेंगे। ब्लॉक नोडल अधिकारी डॉ.हरीश टेलर एवं सहायक नोडल अधिकारी डॉ.सीताराम जाट ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि उपखंड अधिकारी अजीत सिंह राठौड़ के निर्देशन में ब्लॉक स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम कृषि उपज मंडी प्रांगण में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम रविवार प्रातः 6:30 बजे शुरू होकर 7:45 बजे तक चलेगा, जिसमें उपस्थित लोगों को विभिन्न योग क्रियाओं एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया जाएगा।
उपखंड अधिकारी अजीत सिंह राठौड़ ने बताया कि आयोजन को व्यवस्थित एवं भव्य बनाने के लिए सभी मूलभूत व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। प्रतिभागियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुद्ध पेयजल, वाहनों की पार्किंग, बैठने के लिए मेटिंग व्यवस्था, माइक सिस्टम तथा मंच निर्माण सहित सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
योग शिविर में उपखंड के विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं तथा योग प्रेमियों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। प्रशासन ने आमजन से इस स्वास्थ्यवर्धक आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। योग दिवस को सफल बनाने के लिए पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में दो दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन भी किया गया। शिविर में योग प्रशिक्षक रामकिशन गुर्जर बहादुरपुरा एवं रमेशचन्द वर्मा ने शारीरिक शिक्षकों और पंचायत स्तर के योग शिक्षकों को योग प्रोटोकॉल के तहत प्रशिक्षण प्रदान किया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!