झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): विप्र फाउंडेशन, जिला इकाई झुंझुनूं की ओर से बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी ग्राम निवासी भरत तिवारी की कथित पुलिस मुठभेड़ (एनकाउंटर) में हुई मृत्यु के प्रकरण को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम जिला कलक्टर अरुण गर्ग को ज्ञापन सौंपा गया। विप्र फाउंडेशन के एक पदाधिकारी ने बताया कि जिला संरक्षक राजेंद्र जोशी एवं एडवोकेट महेश शर्मा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी, उच्चस्तरीय एवं समयबद्ध जांच कराने की मांग की गई, ताकि सत्य सामने आ सके और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। ज्ञापन में कहा गया कि किसी भी व्यक्ति को दोषी ठहराना एवं दंडित करना न्यायालय का अधिकार है, पुलिस का नहीं। यदि जांच में किसी व्यक्ति, अधिकारी अथवा अन्य संबंधित पक्ष की भूमिका, लापरवाही या दोष सिद्ध होता है, तो उसके विरुद्ध कानून के अनुरूप कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को सम्मानजनक आर्थिक मुआवजा तथा परिवार के एक योग्य सदस्य को नियमानुसार सरकारी नौकरी प्रदान कर उसके भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। विप्र फाउंडेशन ने मांग की कि पूरे प्रकरण का समयबद्ध निस्तारण कर न्याय सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन का न्याय व्यवस्था पर विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो। इस अवसर पर जिला संगठन महामंत्री रामगोपाल महमिया, संरक्षक एडवोकेट सुशील जोशी, एडवोकेट अनुपम शर्मा, एडवोकेट कमल शर्मा, एडवोकेट रवि शुक्ला, जिला मंत्री रमेश चौमाल, रामगोपाल शर्मा (बीएमएस), अमृत जोशी, राकेश सहल, पंडित हरिकिशन शुक्ला, अनूप पुरोहित, सुभाष जोशी, सुरेंद्र जोशी, राजदीप महर्षि, अमित पांडेय, चंद्रप्रकाश जोशी, ललित शर्मा, अमित स्वामी, योगेश शुक्ला, सूर्य प्रकाश शर्मा सहित विप्र फाउंडेशन के पदाधिकारी, सदस्य एवं समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बिहार के भरत तिवारी प्रकरण में विप्र फाउंडेशन ने प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
By -
June 29, 2026
0
Tags: