बीकानेर (मुकेश रामावत): पूगल थाना क्षेत्र के करणीसर भाटियान गांव के पास निर्माणाधीन अवाड़ा सोलर प्लांट में रविवार को हुए दर्दनाक हादसे के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। क्रेन का बेल्ट टूटने से 35 वर्षीय मजदूर की मौत के बाद ग्रामीणों और साथी मजदूरों ने प्लांट के बाहर प्रदर्शन कर प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। मृतक की पहचान मोतीगढ़ निवासी ईश्वर सिंह पुत्र किशन सिंह (35) के रूप में हुई है, वे प्लांट में दिहाड़ी मजदूर के रूप में कार्यरत थे। ग्रामीण जीवन कोहरी के अनुसार रविवार सुबह करीब 10 बजे प्लांट में लोडिंग-अनलोडिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान क्रेन में लगा बेल्ट अचानक टूट गया, जिससे ईश्वर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल मजदूर को तत्काल बीकानेर के पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान रविवार शाम करीब 4 बजे उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों और मजदूरों ने आरोप लगाया कि प्लांट में लोडिंग-अनलोडिंग के लिए पुराने और जर्जर बेल्ट व अन्य उपकरणों का उपयोग किया जा रहा था। उनका कहना है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी और प्रबंधन की लापरवाही के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही मोतीगढ़ सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग प्लांट के बाहर पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने कंपनी प्रबंधन के सामने मृतक के परिवार के लिए न्याय की मांग करते हुए कहा:
1. 5 करोड़ रुपये मुआवजा।
2. परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी।
3. मृतक की पत्नी को 30 हजार रुपये मासिक पेंशन।
4. *बच्चों की शिक्षा की पूरी जिम्मेदारी।
5. पांच अन्य लोगों को संविदा पर रोजगार।
6. परिवार के लिए आवास उपलब्ध कराना।
फिलहाल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और ग्रामीणों से वार्ता कर मामला शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं। साथ ही हादसे के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था में कथित लापरवाही की जांच भी शुरू कर दी गई है।