नीमराना (संदीप भारद्वाज): थाना नीमराना व जिला साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में दिन दहाड़े फ्लैटों में चोरी करने वाली अंतरराज्यीय नकबजन गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने गैंग के दो सदस्यों और चोरी का माल खरीदने वाले सोनी सहित कुल 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नीमराना की चोरियों का माल, अन्य स्थानों से चुराई गई नकदी-आभूषण व चोरी के उपकरण बरामद हुए हैं। जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीमराना सुरेश खिंची के निर्देश व वृत्ताधिकारी चारूल गुप्ता आरपीएस, पल्लवी गुप्ता आरपीएस के सुपरविजन में थानाधिकारी दयाराम उ.नि. की टीम ने कार्रवाई की। मुकदमा नंबर 276/2026 धारा 331(3), 305(ए), 317(2) बीएनएस में तीनों को गिरफ्तार किया गया।
* घटना-1: 10 जून 2026 को आशियाना आंगन सोसायटी, मोहलडीया के फ्लैट बी-2/407 में रहने वाले विकास कुमार निवासी मेरठ ने रिपोर्ट दी। सुबह 8 बजे ड्यूटी पर जाने के बाद शाम 6 बजे लौटने पर मुख्य दरवाजा टूटा मिला। अलमारी से पत्नी की सोने की पांच अंगूठी, दो गले के सेट, तीन कान की चीजू, चांदी के सिक्के, सोने की चेन, दो सोने की अंगूठी, चांदी की अंगूठी, बच्चों की पाजेब, चांदी की चेन, पत्नी की पाजेब-बिच्छवे व करीब 35 हजार रुपये नकद चोरी हो गए।
* घटना-2: रामनिवास तिवारी निवासी जी-501, बीबी बिल्डर्स ने बताया कि 10 जून 2026 को परिवार सहित बाहर थे। 26 जून को लौटने पर फ्लैट के दोनों ताले टूटे मिले। मंदिर से चांदी की तीन जोड़ी पायल, सोने की अंगूठी, भगवान के चांदी के कड़े, मुकुट, बांसुरी व करीब 15 हजार रुपये नकद चोरी हुए। सीसीटीवी में 10 जून को शाम 4-5 बजे दो संदिग्ध चोरी कर ले जाते दिखे।
*पुलिस कार्रवाई*
थानाधिकारी दयाराम उ.नि. ने थाना स्तर पर टीम गठित कर साइबर सेल के साथ क्राइम पैटर्न एनालिसिस, तकनीकी सर्विलांस व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में गैंग ने राजस्थान के नीमराना, अलवर, जयपुर, भिवाड़ी सहित हरियाणा, पंजाब व महाराष्ट्र में कई वारदातें कबूली हैं। गैंग पिछले 6-7 साल से सक्रिय है और यह पहली बार पकड़ी गई है। आरोपियों का पीसी रिमांड लेकर अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ जारी है। थाना हाजा व अन्य स्थानों का चोरी गया माल बरामद कर लिया गया है।