सीकर (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): राजस्थान पुलिस के समर्पित और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गिरधारी लाल शर्मा कल 34 वर्षों और 11 महीनों की लंबी और बेदाग सेवा के बाद सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर सीकर स्थित एक होटल में एक भावभीनी विदाई एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न सामाजिक और औद्योगिक संस्थाओं के प्रमुखों ने शिरकत की। कार्यक्रम में सीकर और झुंझुनूं के प्रमुख सामाजिक एवं व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने श्री शर्मा को शॉल, दुपट्टा और साफा पहनाकर माल्यार्पण किया। इस दौरान उन्हें एक 'अभिनंदन पत्र' भेंटकर उनके जनसेवा के जज्बे को नमन किया गया।
*प्रमुख उपस्थितजन*
डॉ.डीएन तुलस्यान (ट्रस्टी, श्री श्याम आशीर्वाद सेवा संस्था), प्रदीप पाटोदिया (सुनील पाटोदिया वेलफेयर फाउंडेशन), प्रमोद खंडेलिया (अध्यक्ष, श्रीगोपाल गोशाला), नेमी अग्रवाल (पूर्व अध्यक्ष, लघु उद्योग भारती झुंझुनूं शाखा), अनिल गुप्ता (उद्योगपति)। अभिनंदन पत्र में उल्लेख किया गया कि शर्मा ने न केवल अपराधों पर अंकुश लगाया, बल्कि 'सत्यमेव जयते' के आदर्शों का पालन करते हुए पुलिस और जनता के बीच की दूरी को मिटाने का सराहनीय कार्य किया। वक्ताओं ने उनके धैर्य, ईमानदारी और मानवीय दृष्टिकोण की प्रशंसा करते हुए कहा कि एक सामान्य पृष्ठभूमि से आने के बावजूद, उनका व्यक्तित्व आज समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। गिरधारी लाल शर्मा ने अपनी सेवा यात्रा को विराम देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया और कहा कि वर्दी उतारना केवल एक औपचारिक प्रक्रिया है, लेकिन देश और समाज के प्रति सेवा का भाव सदैव उनके भीतर जीवित रहेगा। उपस्थित सभी गणमान्य जनों ने उनके सुखद, स्वस्थ और प्रसन्नचित्त सेवानिवृत्त जीवन की कामना की।