कोटपूतली (ईशाक खान): आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के अधिकारों, सम्मान और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण के लिये चलाये जा रहे ऐतिहासिक अभियान ईडब्ल्यूएस जन जागृति यात्रा का तीसरा चरण शुक्रवार, 26 जून को जिले में शुरू होने जा रहा है। इस महाअभियान के तहत कस्बे के शरणम पैराडाईज में प्रैस कॉन्फ्रेंस एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया जायेगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ईडब्ल्यूएस वर्ग की जटिलताओं को दूर करना और समाज को जागरूक बनाना है।
*आरटीडीसी के पूर्व चैयरमैन धर्मेंद्र सिंह राठौड़ करेंगे संवाद*
इस ऐतिहासिक विचार गोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में आरटीडीसी के पूर्व चैयरमैन धर्मेन्द्र सिंह राठौड़ प्रबुद्धजनों, युवाओं और आम नागरिकों को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे केंद्र और राज्य सरकार की नौकरियों में ईडब्ल्यूएस आरक्षण की वर्तमान स्थिति, शिक्षा और रोजगार के अवसरों में बढ़ोतरी, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने तथा ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र सरलीकरण जैसी महत्वपूर्ण चुनौतियों पर समाज के साथ रोड़मैप साझा करेंगे।
*अधिकार, सम्मान और सशक्तिकरण की ओर बढ़ते कदम*
वर्तमान समय में ईडब्ल्यूएस वर्ग के सामने आ रही प्रशासनिक और व्यावहारिक दिक्कतों को देखते हुए इस संवाद को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि यह केवल एक बैठक नहीं, बल्कि समाज के उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करने वाला एक साझा मंच है। यहाँ आने वाले रचनात्मक सुझावों और समाधानों के माध्यम से भविष्य की रणनीति तैयार की जायेगी।
*समाज के हर वर्ग से जुड़ने की अपील*
आयोजन समिति ने जिले एवं आसपास के क्षेत्रों के सभी प्रबुद्धजनों, युवा शक्ति, छात्र-छात्राओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों, जनप्रतिनिधियों और ईडब्ल्यूएस समाज के नागरिकों से इसमें शामिल होने का आह्वान किया। आयोजकों का कहना है कि जागरूकता से अधिकार, अधिकार से सम्मान और सम्मान से ही सशक्तिकरण संभव है। इस कार्यक्रम में समाज की भारी उपस्थिति युवाओं और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के निर्माण में एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगी।