सूरौठ/करौली (मोहन पाठक): कस्बा सूरौठ निवासी 20 वर्षीय युवक राज सरस की सोमवार को सीने एवं पेट में दर्द होने के कारण मृत्यु हो गई। युवक की मृत्यु से कस्बे में मातम छा गया।
सूरौठ की जाटव बस्ती निवासी रामबाबू सरस का 20 वर्षीय पुत्र राज सरस कोटा में फिजियोथैरेपी की ट्रेनिंग कर रहा था। राज सरस सूरौठ आया हुआ था। रविवार को घर पर अचानक राज के सीने एवं पेट में तेज दर्द हुआ। परिजन राज को तुरंत ही हिंडौन के जिला अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टर्स ने उसे जयपुर रैफर कर दिया। परिजनों ने जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में राज को भर्ती कराया। सोमवार को सुबह 7:30 बजे के करीब उपचार के दौरान राज की मृत्यु हो गई। युवक की मौत का समाचार जैसे ही सूरौठ पहुंचा, संपूर्ण कस्बे में मातम छा गया। सोमवार को दोपहर गमगीन माहौल में युवक का अंतिम संस्कार किया गया। युवक की शव यात्रा में सर्व समाज के हजारों लोगों ने भाग लिया।