शहरी सेवा शिविर-2026 का शुभारम्भ, आमजन को एक ही स्थान पर मिलेंगी विभिन्न नागरिक सेवायें

AYUSH ANTIMA
By -
0


कोटपूतली (ईशाक खान): राज्य सरकार के निर्देशानुसार नगर निकाय क्षेत्रों में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं नागरिक सेवाओं को सुगम बनाने के उद्देश्य से शहरी सेवा शिविर-2026 का आयोजन 12 जून से 15 जुलाई तक किया जा रहा हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को स्थानीय नगर परिषद कार्यालय में उक्त शिविर का शुभारम्भ किया गया। जहां प्रातः 09ः30 बजे से सायं 06 बजे तक वार्ड सं. 01 से 05 के निवासियों को विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाया गया। शिविर प्रभारी के रूप में अभिषेक सैनी सचिव तथा शिविर सहप्रभारी के रूप में कृष्ण कुमार यादव मौजूद रहें। 

*जनसमस्याओं को लेकर सौंपें ज्ञापन*

शिविर के दौरान कस्बे की विभिन्न मूलभूत समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को लेकर नगर परिषद आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपे गये। इस दौरान जनप्रतिनिधियों व स्थानीय नागरिकों ने शिविर में पहुंचकर स्थानीय समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया। शिविर में कस्बे के ईटली जोहड़ से पानी की निकासी की व्यवस्था करने, पैदल मार्ग का निर्माण कराने तथा टेलीफोन एक्सचेंज रोड़, आदर्श नगर में सैनी सभा से बागवाली होते हुये झमेलावाली रोड़ तक करीब डेढ़ किलोमीटर नये नाले के निर्माण के लिये नगर परिषद आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इस मौके पर पूर्व चेयरमैन एड.महेंद्र कुमार सैनी, नगर मंडल अध्यक्ष अरुण सैनी, किशन बंसल, रतन भैया व मनोज सैनी समेत अन्य कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इसी प्रकार शिविर में वार्ड नं. 19 की पार्षद मीनू बंसल ने भी वार्ड की विभिन्न समस्याओं को लेकर नगर परिषद आयुक्त के नाम सचिव अभिषेक सैनी को लिखित में शिकायत (ज्ञापन) सौंपी। पार्षद ने अग्रसेन तिराहे से मुख्य चौराहे तक नए नाले का निर्माण और उसकी नियमित सफाई करवाने, चौधरियों के मौहल्ले में जाने वाले रास्ते पर नाले को दुरुस्त कर उस पर लोहे का जाल या फेरोसीमेंट कवर (ढ़क्कन) लगवाने, वार्ड में चरमराई साफ-सफाई व्यवस्था को तुरंत करवाने, काफी समय से बंद पड़ी स्ट्रीट लाईटों को बिना किसी देरी के जल्द से जल्द सही करवाने की मांग की। नगर परिषद अधिकारियों ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही उचित कार्यवाही का भरोसा दिया। वहीं जिला महिला कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता कमलेष बंसल ने भी वार्ड नं. 37 में सीवरेज लाईन के लिये खोदी गई सड़कों की जल्द मरम्मत करवाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। 

*एक ही स्थान पर मिलेंगी विभिन्न नागरिक सेवायें*

शिविरों के दौरान शहर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए साफ-सफाई, सीसी/डामर सडकों की मरम्मत, फुटपाथ निर्माण, स्ट्रीट लाईट व्यवस्था, अंधेरी एवं सुनसान सड़कों पर प्रकाश व्यवस्था, प्रमुख चौराहों, डिवाईडरों एवं पार्कों का सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न कार्य करवाये जायेंगे। साथ ही शिविरों में जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, फायर एनओसी, ट्रेड लाईसेंस, साईन बोर्ड लाईसेंस, सीवर कनेक्शन, ओएफसी एवं मोबाईल टावर एनओसी, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक सेवाओं से संबंधित कार्य किये जायेंगे। शिविरों में विभिन्न योजनाओं के तहत पट्टे जारी करने, लीज होल्ड से फ्री होल्ड पट्टे जारी करने, नालियों की मरम्मत, सीवर लाईन लीकेज की समस्या का समाधान, नामांतरण, खांचा भूमि, लीज मुक्ति प्रमाण पत्र, भवन निर्माण स्वीकृति, भू-उपयोग परिवर्तन सहित लंबित प्रकरणों का निस्तारण किया जायेगा। शिविरों में वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन योजनाओं के लिए नए आवेदन प्राप्त कर पात्र लोगों को लाभान्वित किया जायेगा। साथ ही आमजन के विभिन्न परिवादों एवं समस्याओं का मौके पर समाधान करने के प्रयास किये जायेंगे। 

*वार्ड अनुसार आयोजित होगें शिविर*

सोमवार 15 जून को वार्ड संख्या 06 से 10, मंगलवार 16 जून को वार्ड संख्या 11 से 15, गुरूवार 18 जून को वार्ड संख्या 16 से 20, गुरूवार 19 जून को वार्ड संख्या 21 से 25, सोमवार 22 जून को वार्ड संख्या 26 से 30, मंगलवार 23 जून को वार्ड संख्या 31 से 35 तथा बुधवार 24 जून को वार्ड संख्या 36 से 40 के लिए शिविर आयोजित किए जायेंगे। इसके अलावा 25 जून को पंचायत भवन पनियाला में पनियाला, गोनेड़ा, कालूहेडा एवं केशवाना क्षेत्र के लिए तथा 29 जून को पंचायत भवन खेडकी मुक्कड में खेडकी मुक्कड, सांगटेडा, बीजाहेडा, शेखपुर, मलाहेडा क्षेत्र के लिए शिविर आयोजित किया जायेगा। नगर परिषद प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर शिविरों में पहुंचकर आवश्यक सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!