झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): मलेशिया के कुआलालंपुर स्थित पैरा ओलंपिक एक्सीलेंस सेंटर में आयोजित द्वितीय एशियन पैरा थ्रोबॉल चैम्पियनशिप 2026 में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में कांस्य पदक प्राप्त कर देश का गौरव बढ़ाया। इस उपलब्धि में सिंघानिया विश्वविद्यालय के पैरा खिलाड़ियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सिंघानिया विश्वविद्यालय के बीए के छात्र अरुण कुमार तथा छात्रा निर्मला ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और अपनी-अपनी टीमों को कांस्य पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय परिवार में हर्ष एवं गर्व का वातावरण है। प्रतियोगिता के दौरान सिंघानिया विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ.मनोज कुमार (आईएएस, सेवानिवृत्त) खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने भारतीय दल का मनोबल बढ़ाया तथा खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। डॉ.मनोज कुमार ने अरुण कुमार एवं निर्मला सहित सभी खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे विश्वविद्यालय एवं देश के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। चैम्पियनशिप में एशिया के विभिन्न देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। भारतीय खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि देश के पैरा खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।
समापन अवसर पर विश्व पैरा थ्रोबॉल महासंघ एवं एशियन पैरा थ्रोबॉल महासंघ द्वारा घोषणा की गई कि तृतीय एशियन पैरा थ्रोबॉल चैम्पियनशिप 2027 का आयोजन राजस्थान के झुंझुनूं स्थित सिंघानिया विश्वविद्यालय में किया जाएगा। यह राजस्थान एवं भारत के लिए गौरव का विषय है। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी से राजस्थान के पैरा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर मिलेगा तथा राज्य में पैरा खेलों को नई पहचान और प्रोत्साहन प्राप्त होगा। साथ ही, पैरा खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और अधिक से अधिक खिलाड़ी इस क्षेत्र में आगे आने के लिए प्रेरित होंगे। सिंघानिया विश्वविद्यालय परिवार ने अपने पैरा खिलाड़ियों अरुण कुमार एवं निर्मला सहित सभी भारतीय खिलाड़ियों को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।