बीकानेर (मुकेश रामावत): श्री कोलायत नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी ब्लॉक विकास कार्यक्रम में बीकानेर जिले के कोलायत ब्लॉक ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है। विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों व विकास कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति के कारण नीति आयोग की जिला रैंकिंग दिसंबर 2024 में कोलायत ब्लॉक को यह उपलब्धि मिली। इस उपलब्धि के फलस्वरूप विकास कार्यों को गति देने के लिए ब्लॉक को 1 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है। जिला कलेक्टर निशांत जैन के मार्गदर्शन और मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे के कुशल प्रबंधन में कोलायत क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शिक्षा क्षेत्र को सुदृढ़ करने के लिए नीति आयोग को एक विशेष प्रस्ताव भेजा गया था। प्रस्ताव के तहत कोलायत ब्लॉक के चिन्हित 25 विद्यालयों में पुस्तकालयों के नवीनीकरण और आधुनिकीकरण का काम होगा। 'प्रेरणा वाइब्रेंट मॉडल लाइब्रेरी' योजना के अंतर्गत 50 लाख रुपये की लागत से स्कूल पुस्तकालयों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। यह प्रस्ताव अप्रैल 2026 में भेजा गया था, जिसे मई 2026 में स्वीकृति मिल गई है। सीपीओ अमर सिंह चांदोलिया ने बताया कि इस योजना से विद्यालयों में बेहतर अध्ययन वातावरण बनेगा और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण पठन सामग्री मिलेगी। आधुनिक पुस्तकालय छात्रों में अध्ययन संस्कृति के साथ रचनात्मकता, ज्ञानवर्धन और बौद्धिक विकास में अहम भूमिका निभाएंगे। कोलायत ब्लॉक की इस उपलब्धि को शिक्षा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और छात्रों को बेहतर संसाधन उपलब्ध होंगे।
बीकानेर के कोलायत ब्लॉक ने रचा इतिहास: नीति आयोग की रैंकिंग में देशभर में तीसरा स्थान, मिला 1 करोड़ का प्रोत्साहन
By -
June 22, 2026
0
Tags: