ग्रामीण सेवा शिविर बना किसानों के लिए राहत का केंद्र, 19 खातेदारों के वर्षों पुराने खाता विभाजन प्रकरण का हुआ समाधान

AYUSH ANTIMA
By -
0



झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): राज्य सरकार के निर्देशानुसार 12 जून से 15 जुलाई 2026 तक आयोजित किए जा रहे "ग्रामीण सेवा शिविर" आमजन को त्वरित राहत प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को ग्राम पंचायत अलसीसर में आयोजित शिविर में किसानों की लंबे समय से लंबित समस्याओं का मौके पर समाधान कर उन्हें बड़ी राहत प्रदान की गई। शिविर में ग्राम मलसीसर, श्योपुरा, मंदरूपपुरा एवं गोखरी के 19 खातेदारों के खाता विभाजन से जुड़े प्रकरणों का निस्तारण किया गया। लंबे समय से संबंधित खातेदारों के एक साथ उपस्थित नहीं हो पाने के कारण खाता विभाजन नहीं हो पा रहा था, जिससे किसानों को फसल ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड तथा रास्ता संबंधी विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। तहसील कार्यालय के अनुसार राजस्व विभाग के अधिकारियों की समझाइश एवं सतत प्रयासों के फलस्वरूप ग्रामीण सेवा शिविर में सभी संबंधित खातेदारों को उपस्थित किया गया। उपखण्ड अधिकारी सुमन चौधरी एवं तहसीलदार इमरान खान की मौजूदगी में भू-अभिलेख निरीक्षक एवं पटवारियों द्वारा तैयार खाता विभाजन प्रस्ताव पर सभी खातेदारों की सहमति प्राप्त कर मौके पर ही खाता विभाजन की कार्यवाही पूर्ण की गई। इस कार्रवाई से पाना देवी (69 वर्ष), इन्द्रचंद मीणा (67 वर्ष), किसानी देवी (67 वर्ष), ओमप्रकाश मीणा (61 वर्ष), रामनिवास एस. कांवत (62 वर्ष) सहित अन्य खातेदारों को वर्षों से चली आ रही समस्या से राहत मिली। किसानों ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से उनकी समस्याओं का सरल एवं त्वरित समाधान संभव हो पाया है।
शिविर में राजस्व प्रकरणों के अलावा खाद्य सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, विद्युत संबंधी शिकायतें, पशुपालन, स्वास्थ्य सेवाओं तथा रास्ता संबंधी मामलों का भी मौके पर निस्तारण किया गया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!