प्रागपुरा/पावटा (राहुल शर्मा): जनसेवक एवं भाजपा मंडल प्रागपुरा के प्रवक्ता विजय स्वामी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में टीम विजय स्वामी द्वारा सोमवार, 15 जून 2026 को बागड़ाला, प्रागपुरा में ‘विशाल जन आशीर्वाद एवं प्रतिभा सम्मान समारोह’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10:15 बजे वार्ड नं. 01, एमडीआर रोड, बागड़ाला स्थित कार्यक्रम स्थल पर होगा।
*‘शराब छोड़ो-दूध पियो’ का देंगे संदेश*
कार्यक्रम संयोजक विजय स्वामी ने बताया कि समारोह के तहत ‘शराब छोड़ो, दूध पियो’ अभियान चलाया जाएगा। इसमें उपस्थित जनसमूह को नशा मुक्ति का संकल्प दिलाकर दूध पिलाया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर कर स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करना है।
*प्रतिभाओं का होगा सम्मान*
समारोह में वार्ड नं. 01 के उन सभी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षा में 60% से अधिक अंक प्राप्त किए हैं।
*ये रहेंगे मुख्य अतिथि*
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विराट नगर विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता भाजपा राजस्थान कुलदीप धनखड़ तथा सम्पूर्ण शराब बंदी आंदोलन की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ.पूनम अंकुर छाबड़ा उपस्थित रहेंगी। दीप प्रज्ज्वलन श्री श्री 108 श्री मंगलदास जी महाराज के सान्निध्य में होगा।
*सुबह 9:15 बजे से निकलेगी नशा मुक्ति वाहन रैली*
समारोह से पूर्व प्रातः 9:15 बजे चूना फैक्ट्री, पावटा से ‘विशाल वाहन रैली’ निकाली जाएगी। रैली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पावटा, बड़ी पुलिया, लालाना मोड़, प्रागपुरा थाना, सुभाष चौक, रामलीला मैदान, नृसिंह मंदिर, भोमिया जी मंदिर बागड़ाला होते हुए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर संपन्न होगी।
*सांस्कृतिक कार्यक्रम में रतन फौजी देंगे प्रस्तुति*
समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत प्रसिद्ध गायक कलाकार रतन फौजी एण्ड पार्टी अपनी प्रस्तुति देंगे। आयोजक विजय स्वामी, टीम विजय स्वामी एवं समस्त क्षेत्रवासियों ने नगर पालिका पावटा-प्रागपुरा क्षेत्र की जनता से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।