नीमराना इंडस्ट्रियल एरिया में बिजली संकट पर मंथन, 15 दिन में 68 करोड़ के उत्पादन का उठा नुकसान का मुद्दा

AYUSH ANTIMA
By -
0


नीमराना: औद्योगिक क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती और विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्याओं के समाधान को लेकर बुधवार को विद्युत विभाग, रीको और उद्योग प्रतिनिधियों की संयुक्त समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में विद्युत ढांचे के विस्तार, नए पावर हाउसों के निर्माण और आपूर्ति व्यवस्था में सुधार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में इंडियन जोन में स्वीकृत 132 केवी पावर हाउस के निर्माण कार्य की प्रगति, जापानी जोन में प्रस्तावित नए 132 केवी पावर हाउस की स्थिति, कोलीला-जोगा स्थित 33/11 केवी विद्युत उप केंद्र के संचालन तथा इंडियन जोन फेज-2 में स्वीकृत 33/11 केवी पावर हाउस के निर्माण कार्य की समीक्षा की गई। इसके अलावा इंडियन जोन में भूमिगत विद्युत लाइनों की वर्तमान स्थिति और शेष लाइनों को भूमिगत करने के लिए जारी कार्यादेशों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि शेष कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। बैठक के दौरान इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्ण गोपाल कौशिक ने औद्योगिक क्षेत्र में बिजली कटौती को गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि पिछले 15 दिनों में करीब 48 घंटे की विद्युत बाधा के कारण उद्योगों को लगभग 68 करोड़ रुपये के सकल उत्पादन नुकसान का सामना करना पड़ा है। उन्होंने बताया कि अधिकांश उद्योगों में मशीनें निरंतर संचालित रहती हैं और कुछ सेकंड की ट्रिपिंग भी लाखों रुपये के कच्चे माल एवं तैयार उत्पाद की गुणवत्ता को प्रभावित कर देती है। उन्होंने हाल ही में एक आईएमयू में आए फॉल्ट का उदाहरण देते हुए बताया कि उसके निस्तारण में करीब 12 घंटे लगने से 15 से 20 उद्योग प्रभावित हुए। प्रदूषण नियंत्रण मंडल द्वारा डीजल जनरेटर के उपयोग पर प्रतिबंध होने के कारण उद्योगों के पास विद्युत आपूर्ति ही उत्पादन का एकमात्र साधन है। ऐसे में बार-बार की कटौती उद्योगों के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। नीमराना इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्ण गोपाल कौशिक ने अधिकारियों के समक्ष नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि एक ओर राज्य सरकार ‘राइजिंग राजस्थान’ जैसे औद्योगिक निवेश कार्यक्रमों को बढ़ावा दे रही है, वहीं दूसरी ओर उद्योगों की मूलभूत आवश्यकता विद्युत आपूर्ति में आ रही कमियों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने मांग की कि विभाग जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति में आने वाली बाधाओं को दूर कर उद्योगों को राहत प्रदान करे। रीको के वरिष्ठ महाप्रबंधक राहुल भट्ट ने कहा कि रीको, जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड एवं राजस्थान विद्युत प्रसारण निगम के साथ समन्वय स्थापित कर औद्योगिक क्षेत्र की बिजली समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
वहीं जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, कोटपूतली-बहरोड़ के अधीक्षण अभियंता एके बटवाडा ने बताया कि हाल के दिनों में आए आंधी-तूफान के कारण विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है। गर्मी के मौसम में बिजली की मांग बढ़ने से ट्रांसफार्मरों पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है, जिससे कुछ स्थानों पर अघोषित कटौतियां करनी पड़ती हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि औद्योगिक क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम शीघ्र उठाए जाएंगे। बैठक में सीपी शर्मा, केएम शर्मा, बीबी शर्मा, एसआई हसन, जीके यादव, अशोक यादव, पुष्पेंद्र, लोकेश खंडेलवाल, विनोद पांडे, किशन लाल अग्रवाल, अभिषेक शर्मा, रघुबीर सिंह, संदीप जांगिड़, एचएस यादव, राजेंद्र सैनी, अमित कुमार, हेमंत कुमार सहित बड़ी संख्या में उद्योग प्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!