पावटा (राहुल शर्मा): जवाहर नवोदय विद्यालय में सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 11 की संभावित रिक्त सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। विद्यालय प्रधानाचार्य संजू जोशी ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 25 जून 2026 तक ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं। चयन कक्षा 10 बोर्ड परीक्षा में प्राप्त अंकों की मेरिट के आधार पर किया जाएगा।
*पात्रता की शर्तें*
* आयु सीमा: उम्मीदवार का जन्म 01 जून 2009 से 31 जुलाई 2011 के बीच होना चाहिए।
* शैक्षणिक योग्यता: आवेदक ने सत्र 2025-26 में कोटपूतली-बहरोड़ जिले के ही किसी मान्यता प्राप्त CBSE या राज्य बोर्ड के विद्यालय से कक्षा 10 उत्तीर्ण की हो।
* अंक प्रतिशत: कक्षा 10 में कुल 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक होना अनिवार्य है।
* विषयवार अंक: विज्ञान वर्ग के लिए विज्ञान विषय में और गणित विषय चुनने के लिए गणित में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक होने चाहिए।
*चयन प्रक्रिया*
संजू जोशी ने बताया कि प्रवेश में प्राथमिकता CBSE से संबद्ध विद्यालयों के छात्रों को दी जाएगी। सीटें शेष रहने पर राज्य बोर्ड के उम्मीदवारों पर मेरिट के आधार पर विचार किया जाएगा। विषयवार स्ट्रीम के अनुसार अलग मेरिट सूची नवोदय विद्यालय समिति के मानदंडों के तहत तैयार होगी।
*आवेदन कैसे करें*
इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन फॉर्म विद्यालय से प्राप्त कर सकते हैं या http://www.navodaya.gov.in से डाउनलोड कर सकते हैं। प्रधानाचार्य ने बताया कि भरे हुए फॉर्म को विद्यालय में भौतिक रूप से जमा करवाया जा सकता है अथवा ईमेल आईडी *jnvjaipur@gmail.com* पर भेजा जा सकता है।
अंतिम तिथि: आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 25 जून 2026 है। इसके बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। प्रधानाचार्य संजू जोशी ने अभिभावकों व विद्यार्थियों से समय पर आवेदन करने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए विद्यालय समय में संपर्क किया जा सकता है।