"एमडी लिटिल फ्लावर के नन्हें हाथों ने थाम लिया आसमान: प्यासे परिंदों को मिला जीवनदान"

AYUSH ANTIMA
By -
0
*

चिड़ावा (सुभाष मिश्रा): भीषण गर्मी में प्यास से बेहाल पक्षियों की सुध लेते हुए एमडी लिटिल फ्लावर स्कूल, चिड़ावा के विद्यार्थियों ने अनुकरणीय पहल की। बच्चों ने विद्यालय परिसर व आसपास के पेड़ों पर पक्षियों के घरौंदे व मिट्टी के परिंडे बांधे और उनमें प्रतिदिन स्वच्छ जल भरने के साथ-साथ दाना डालने की व्यवस्था भी की। इस सेवा कार्य का शुभारंभ विद्यालय के अध्यक्ष सुनील डांगी, निदेशिका समित डांगी एवं प्रधानाचार्य अंकित शर्मा की उपस्थिति में हुआ। बच्चों ने स्वयं अपने हाथों से परिंडे और घरौंदे पेड़ों पर टांगे और संकल्प लिया कि पूरी गर्मी भर वे नियमित रूप से पक्षियों के लिए पानी व दाने का प्रबंध करेंगे। इस अवसर पर अध्यक्ष सुनील डांगी ने कहा कि गर्मी का कष्ट केवल मनुष्य को नहीं, इन मूक प्राणियों को भी होता है। आज हमारे बच्चों ने बता दिया कि करुणा केवल पढ़ने की चीज नहीं, करने की चीज है। एक परिंडा लगाना वास्तव में एक जीवन को बचाना है। निदेशिका समित डांगी ने कहा कि शिक्षा का असली उद्देश्य बच्चों के भीतर संवेदना जगाना है। उन्हें गर्व है कि लिटिल फ्लावर के नन्हे विद्यार्थी आज पक्षियों के लिए छांव बनकर खड़े हुए हैं। यही संस्कार आगे चलकर इन्हें एक अच्छा इंसान बनाएंगे। प्रधानाचार्य अंकित शर्मा ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रकृति हमारी सबसे पहली पाठशाला है। बच्चों ने आज जो पाठ सीखा है, वह किसी पुस्तक में नहीं मिलेगा। उन्होंने बच्चों से आग्रह किया कि गर्मी भर इन परिंडों की देखभाल करना ही उनका सबसे महत्वपूर्ण कार्य रहेगा। विद्यालय ने इस अभियान को "चोंच भर पानी, मुट्ठी भर दाना" नाम दिया है। प्रत्येक कक्षा से विद्यार्थियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। विद्यालय प्रबंधन ने नगरवासियों से भी अपील की है कि वे अपनी छतों व बालकनी पर पक्षियों के लिए पानी का पात्र अवश्य रखें। नन्हे हाथों का यह प्रयास तपती गर्मी में पक्षियों के लिए संजीवनी बन रहा है। इस अभियान में एमडी लिटिल फ्लावर के सभी शिक्षकगण भी सहभागी बने।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!