रानीवाड़ा/जालौर (मदन माहेश्वरी): राजाराम बालिका विद्यालय रानीवाड़ा में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से एचपीवी टीकाकरण शिविर आयोजित किया गया। ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ.गणपत लाल चौधरी के निर्देशन में आयोजित शिविर में स्कूली बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन लगाई गई।
शिविर की शुरुआत में एएनएम कृष्णा एवं पुष्पा ने छात्राओं को एचपीवी वैक्सीन के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस सर्वाइकल कैंसर का मुख्य कारण है तथा 9 से 14 वर्ष की आयु में यह टीका सबसे अधिक प्रभावी माना जाता है। इसके बाद पात्र बालिकाओं का पंजीयन कर उन्हें वैक्सीन की डोज दी गई। आशा सहयोगिनी विमला देवी ने टीकाकरण से संबंधित रिकॉर्ड संधारित किया।स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्राओं एवं शिक्षकों को बताया कि भारत में प्रतिवर्ष सर्वाइकल कैंसर के हजारों नए मामले सामने आते हैं, लेकिन समय पर टीकाकरण से इस बीमारी से काफी हद तक बचाव संभव है। टीम ने वैक्सीन को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों से बचने तथा किसी भी प्रकार की शंका होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी। विद्यालय प्रबंधन ने स्वास्थ्य विभाग के इस अभियान की सराहना करते हुए इसे बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। विद्यालय स्टाफ ने भी टीकाकरण अभियान में सहयोग कर छात्राओं को जागरूक एवं प्रोत्साहित किया।