राज्य सरकार योजनाओं का अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के सतत् प्रयासरत: प्रभारी मंत्री

AYUSH ANTIMA
By -
0



रानीवाड़ा/जालौर (मदन माहेश्वरी): राज्य के उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री व जिला प्रभारी मंत्री केके विश्नोई ने गुरूवार को रानीवाड़ा विधानसभा की कोटड़ा ग्राम पंचायत में आयोजित ग्राम रथ अभियान कार्यक्रम में शिरकत कर ग्रामीणों से संवाद किया। 
प्रभारी मंत्री केके विश्नोई ने केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए आमजन से ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)- 2026 में अधिकतम भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है और सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान ग्राम रथ अभियान के माध्यम से सभी अधिकारी और जनप्रतिनिधि गांव-गांव पहुंचकर आमजन को योजनाओं की समुचित जानकारी उपलब्ध करवा रहे हैं ताकि कोई पात्र नागरिक योजना के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से समाज के अंतिम पायदान पर बैठे पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए ग्राम रथ अभियान का आयोजन किया जा रहा हैं। इस अभियान से गरीब व्यक्ति का सरकार के साथ अच्छा सामंजस्य स्थापित हो सकेगा तथा उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। आमजन को चाहिए कि वे ग्राम रथ से योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और पात्रता के अनुसार आवेदन कर लाभ लें। उन्होंने युवाओं, किसानों एवं महिलाओं को विशेष रूप से प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ें और सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लें। इसी के साथ ग्राम रथ में रखी सुझाव पेटिका में राजस्थान को विकसित प्रदेश बनाने के लिए अपने सुझाव भी दें। उन्होंने ग्राम-2026 का उल्लेख करते हुए कहा कि यह आयोजन कृषि क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे इस आयोजन में भाग लेकर आधुनिक तकनीकों, नवाचारों और उन्नत कृषि पद्धतियों की जानकारी प्राप्त करें, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके। इस अवसर पर रानीवाड़ा के पूर्व विधायक नारायण सिंह देवल, अतिरिक्त जिला कलक्टर भीनमाल दौलतराम चौधरी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। 
*जिला कलक्टर ने अजीतपुरा में संध्या चौपाल में ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, मौके पर दिए समाधान के निर्देश*

जिला कलक्टर डॉ.प्रदीप के. गावंडे ने बुधवार को आहोर विधानसभा क्षेत्र की अजीतपुरा ग्राम पंचायत में ग्रामीणों के बीच संध्या चौपाल लगाकर स्थानीय समस्याएं सुनीं। उन्होंने ग्रामीणों की पेयजल, बिजली, सड़क इत्यादि शिकायतों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल कार्यवाही कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्राम विकास रथ का उद्देश्य सिर्फ प्रचार नहीं, फीडबैक लेकर समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट समाधान है। 
 उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्राम रथ यात्रा का मुख्य उद्देश्य कृषकों, पशुपालकों एवं ग्रामीणों तक राज्य सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी सरल एवं प्रभावी तरीके से पहुंचाना है, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने ग्रामीणों एवं आमजन से संवाद कर राज्य सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ के संबंध में जानकारी ली तथा उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी सुना।  
*रथ के पहुँचने पर उमड़ा जन सैलाब*
 ग्राम रथ अभियान के तहत गुरूवार को ओटवाला, रेवतड़ा, विराणा, धनानी, भाटीप, कोटड़ा, शंखवाली, चूण्डा, पांचोटा, रामपुरा, होतीगांव, नरसाणा व धुम्बड़िया ग्राम पंचायत में ग्राम रथ पहुँचे, जहाँ आयोजित कार्यक्रमों में भी ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। सभी स्थानों पर स्थानीय भाषा में योजनाओं का सरल व प्रभावी प्रचार-प्रसार किया गया साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित साहित्य का वितरण किया गया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!