निवाई (लालचंद माली): नगर पालिका में विधायक रामसहाय वर्मा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विधायक रामसहाय वर्मा ने शहर की समस्याओं के त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल समस्या, मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटाने व लंबित फाइलों के निस्तारण को लेकर बेहद सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए। विधायक वर्मा ने कहा कि शहर के मुख्य चौराहों, बाजारों व संवेदनशील क्षेत्र में लगे हुए सीसीटीवी कैमरों को तुरंत चालू करवाए एवं जहां आवश्यकता हो, वहां नए हाई-टेक कैमरे लगवाएं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था व अपराध नियंत्रण हो सके। उन्होंने अधिशाषी अधिकारी मनोहर जाट व राजस्व टीम को निर्देशित करते हुए कहा कि मुख्य सडक़ मार्गों पर अवैध रूप से रखी हुई केबिनों, थडिय़ों एवं रोड पर हो रहे अतिक्रमण को तुरंत हटवाएं। उन्होंने कहा कि पालिका में पट्टों की लंबित फाइलों का शीघ्र निस्तारण करें, जिससे जनता को समय पर पट्टे मिल सकें। उन्होंने कहा कि शहर के जिन वार्डों व क्षेत्र में पानी की किल्लत है, वहां टैंकरों द्वारा जलापूर्ति एवं पुराने ट्यूबवेलों की मरम्मत का काम युद्ध स्तर पर किया जाए। उन्होंने कहा कि शहर में बंदरों व कुत्तों को पकड़वाने एवं आवारा गायों को गौशाला में सुरक्षित भिजवाने के ठोस इंतजाम करें। पालिका के निवर्तमान अध्यक्ष दिलीप इसरानी ने कहा कि शहर के मुख्य बाजारों व वार्डों में नियमित साफ-सफाई हो। बारिश के मौसम से पूर्व सभी छोटे व बड़े नालों की सफाई हो। पालिका में अटके हुए सभी विकास कार्यों को गति देंवे। उन्होंने सहायक अभियंता चंद्रप्रकाश चौधरी, कनिष्ठ अभियंता राजप्रताप सिंह राणावत, पप्पू मीणा व कमलेश कुंतल को मौके पर जाकर विकास कार्यो की गुणवत्ता जांचने एवं तय समय सीमा में कार्य पूरा करवाने के निर्देश दिए। लेखाधिकारी शिवपाल सिंह राठौड़ को विकास कार्यों के भुगतान व बजट आवंटन में पारदर्शिता रखने व स्टोर शाखा प्रभारी पवन वर्मा, बाबू पण्डा व हनुमान गुर्जर को पालिका के संसाधनों व स्टोर रिकॉर्ड को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सभी शाखा प्रभारी अपनी जवाबदेही तय करें और जनसमस्याओं का समय पर समाधान कर जनता को त्वरित राहत प्रदान करें। बैठक में निवर्तमान पालिकाध्यक्ष दिलीप इसरानी, शहर अध्यक्ष नितिन जैन छाबड़ा, महामंत्री जयनारायण कुमावत व प्रदीप पारीक, अधिशासी अधिकारी मनोहर लाल जाट, लेखाधिकारी शिवपाल सिंह राठौड़, सहायक अभियंता चंद्रप्रकाश चौधरी, कनिष्ठ अभियंता आरपी सिंह राणावत, कनिष्ठ अभियंता पप्पूलाल मीणा, कनिष्ठ अभियंता कमलेश कुंतल, राजस्व निरीक्षक व भूमि शाखा प्रभारी मनीष गौर, एसआई गजेंद्र सिंह राजावत, स्टोर शाखा प्रभारी पवन वर्मा, भूमि शाखा बाबू पण्डा व हनुमान गुर्जर सहित कई पार्षद व पालिका की सभी शाखाओं के कार्मिक मौजूद थे।
3/related/default