पिलानी (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): बिरला बालिका विद्यापीठ, पिलानी की कक्षा 12 की छात्रा एवं राष्ट्रीय स्तर की निशानेबाज़ अवंतिका आर्या ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा से भारत की प्रतिष्ठित कुमार सुरेन्द्र सिंह मेमोरियल शूटिंग चैम्पियनशिप की 10 मीटर एयर राइफल शूटिंग में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। इस प्रतियोगिता का आयोजन नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा 13 मई 2026 को मध्यप्रदेश स्टेट शूटिंग अकादमी में किया गया।
अवंतिका की यह चौथी राष्ट्रस्तरीय प्रतियोगिता थी। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन इंडियन टीम ग्रुप बी के लिए किया गया है। अब उनका लक्ष्य राष्ट्र स्तर पर शीर्ष 3 खिलाड़ियों में स्थान बनाकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना है। बीईटी निदेशक मेजर जनरल एसएस नायर, एवीएसएम, अजय कुमार अग्रवाल उपनिदेशक (प्रशासन एवं विधि), डॉ.जीएस गौड़, उपनिदेशक (वित्त) एवं प्रबंधन ने अवंतिका की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विद्यालय की प्राचार्या अचला वर्मा और समस्त स्टॉफ ने उन्हें शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय एवं क्षेत्र के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। उन्होंने आशा जताई कि वह इसी प्रकार देश, प्रदेश और संस्थान का नाम रोशन करती रहेंगी।