निवाई/टोंक (लालचंद माली): जिले में प्रशासनिक कसावट लाने और कार्य प्रणाली में सुधार के उद्देश्य से जिला कलेक्टर टीना डाबी ने एक बड़ा सख्त कदम उठाया है। कलेक्टर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निवाई क्षेत्र के दो पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस आदेश के बाद राजस्व विभाग और प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
*इन पर गिरी निलंबन की गाज*
जिला कलेक्टर (भू.अ.) टीना डाबी द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, निवाई कस्बा पटवारी जीतराम चौधरी और चैनपुरा पटवार मंडल में कार्यरत पटवारी मनोज गुर्जर को निलंबित किया गया है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम 13 (1) के तहत दी गई शक्तियों का प्रयोग करते हुए 'प्रशासनिक कारणों' से की गई है।
*निलंबन काल में यहाँ रहेगा मुख्यालय*
जारी आदेश में निलंबन अवधि के दौरान दोनों पटवारियों के मुख्यालय भी तय कर दिए गए हैं:
* जीतराम चौधरी: इनका मुख्यालय तहसील कार्यालय देवली नियत किया गया है।
* मनोज गुर्जर: इनका मुख्यालय तहसीलदार (भू.अ.) अलीगढ़ का कार्यालय रहेगा।
*प्रशासनिक सख्ती के संकेत*
गौरतलब है कि जिला कलेक्टर टीना डाबी जिले में पदभार ग्रहण करने के बाद से ही प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर दे रही हैं। माना जा रहा है कि यह कार्रवाई लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के लिए एक कड़ा संदेश है। निलंबन की इस कार्रवाई से जिले के अन्य सरकारी कर्मचारियों में भी सतर्कता देखी जा रही है।