निवाई (लालचंद माली): वनस्थली में जलभराव व अतिक्रमण की समस्या को लेकर उपखंड अधिकारी अजीत सिंह राठौड़ ने आकस्मिक अवलोकन करके आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उपखंड अधिकारी अजीत सिंह राठौड ने बताया कि 21 मई को टोंक में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई के दौरान वनस्थली के ग्रामवासियों ने जिला कलेक्टर टीना डाबी के समक्ष उपस्थित होकर पानी की आपदा से मुक्ति दिलाने, जल निकासी सुचारू करने, क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करवाने एवं जनहानि को रोकने के लिए पक्के नाले का निर्माण करवाने की मांग की थी। जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित स्थान का गहनता से मौका मुआयना किया गया। निरीक्षण के दौरान उपखण्ड अधिकारी राठौड ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी वास्तविक समस्याओं को जाना और उनके त्वरित समाधान करवाने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए कि ग्रामीणों की समस्या का नियमानुसार उचित निस्तारण किया जाए और साथ ही वनस्थली में नियमित रूप से साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान उपखण्ड अधिकारी अजीत सिंह राठौड़ के साथ वनस्थली के कई ग्रामवासी मौजूद थे।
3/related/default