बीकानेर: जिले में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गये है कि वे सूने मकान, दुकान व अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को अपना शिकार आए दिन बना रहे है। जिसके चलते अब आमजन अपने आप को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। हालांकि पुलिस रात्रि गश्त का दावा भी कर रही है। उसके बाद भी अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे है। शहर के मुक्ता प्रसाद थाना क्षेत्र में चोरी की वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए सेंधमारी कर लाखों के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना एफसीआई गोदाम के पीछे भादू मार्केट क्षेत्र की बताई जा रही है, जो 18-19 अप्रैल की रात को अंजाम दी गई। परिवादिया धापूदेवी पत्नी ओमप्रकाश खुडिय़ा अपने परिवार सहित गजनेर में एक शादी समारोह में शामिल होने गई हुई थी। इसी दौरान मौका पाकर अज्ञात चोरों ने मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और अंदर घुसक र चोरी की वारदात को अंजाम दिया।चोरों ने घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, अन्य कीमती सामान और करीब 50 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना का पता तब चला जब परिवार वापस लौटा और घर के ताले टूटे हुए मिले तथा सामान बिखरा पड़ा था। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद मुक्ता प्रसाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। परिवादिया की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल सतीश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की वारदात का खुलासा किया जाएगा।
3/related/default