श्री मोहन गौशाला में "परिंडा लगाओ, परिंदा बचाओ" अभियान के तहत लगाये परिंडे व गौवंश के लिए रखी पानी की टंकियां

AYUSH ANTIMA
By -
0


पावटा: क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच बेजुबान पशु-पक्षियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से माता सुंदरी देवी सर्व समाज उत्थान समिति द्वारा संचालित “परिंडा लगाओ, परिंदा बचाओ अभियान” लगातार विस्तार ले रहा है। इसी क्रम में शनिवार को भोनावास स्थित श्री मोहन गौशाला (बाबा मोहनदास आश्रम) परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर पक्षियों के लिए पानी के परिंडे लगाए गए तथा गौ माताओं के लिए पेयजल की व्यवस्था हेतु पानी की टंकियां रखवाई गई। कार्यक्रम राजपूत इकाई अध्यक्ष कंवर पाल सिंह शेखावत के सानिध्य में आयोजित हुआ, जबकि डॉ.किशन लाल शर्मा एवं डॉ.कुलदीप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं व्यवस्थाएं रतिपाल सिंह तथा गौशाला कोषाध्यक्ष धर्मपाल सिंह शेखावत के नेतृत्व में संपन्न हुईं। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में लगातार बढ़ते तापमान और जल संकट के कारण पशु-पक्षियों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे समय में उनके लिए पेयजल की व्यवस्था करना केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं बल्कि संवेदनशील समाज की पहचान भी है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास भी जीव संरक्षण और पर्यावरण संतुलन की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। एनजीओ संयोजक एवं सामाजिक कार्यकर्ता मोहन लाल सैनी ने बताया कि समिति द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान पूर्णतः जनसहयोग आधारित है। अभियान के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर परिंडे, जल पात्र एवं पानी की टंकियां स्थापित कर पशु-पक्षियों को गर्मी से राहत पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आमजन से इस जनहितकारी एवं पुण्य कार्य में सहयोग करने और अपने स्तर पर भी परिंडे लगाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने जीव सेवा को मानवता का सर्वोच्च धर्म बताते हुए अभियान को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और इसे जनआंदोलन का स्वरूप देने का संकल्प लिया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!