झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन तक जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “ग्राम रथ अभियान” के तहत गुरुवार को पंचायत समिति अलसीसर परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में निवर्तमान जिला प्रमुख हर्षिनी अतुल कुमार ने भाग लेकर अभियान का अवलोकन किया तथा ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार किसानों की समृद्धि के लिए किसान सम्मान निधि के तहत 9 हजार रुपए की सहायता, गेहूं खरीद पर 150 रुपए प्रति क्विंटल बोनस, फार्म पॉण्ड, पव्वारा सेट, पशुपालकों के लिए पशु बीमा, गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के माध्यम से फसलों के नुकसान का त्वरित क्लेम भुगतान कर रही है। उन्होंने बताया कि राजीविका के माध्यम से पशु सखी, बैंक सखी, नमो ड्रोन एवं लखपति दीदी योजना के तहत महिलाओं को 1.50 लाख रुपए तक का ऋण तथा मुख्यमंत्री महिला शक्ति निधि योजना के तहत 1 करोड़ रुपए तक का ऋण उपलब्ध करवाकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए मां वाउचर योजना के अंतर्गत निशुल्क सोनोग्राफी की सुविधा दी जा रही है, वहीं लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत बालिकाओं को 1.50 लाख रुपए का सेविंग बॉण्ड प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में अब तक 17.50 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं तथा राजीविका महिलाओं को आत्मनिर्भरता की नई दिशा दे रही है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से लोकसभा एवं विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की पहल को भी ऐतिहासिक बताया। कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं के तहत गोद भराई, प्रवेश उत्सव एवं लाडो प्रोत्साहन योजना के पात्र लाभार्थियों को बधाई संदेश प्रदान किए गए तथा महिलाओं को विभागीय योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने किसानों से 23 से 25 मई तक जयपुर में आयोजित होने वाली ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (GRAM) में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया तथा कार्यक्रम में उपस्थित लोक कलाकारों का भी उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी सुमन चौधरी, विकास अधिकारी ममता चौधरी, मंडावा विकास अधिकारी अमित चौधरी, तहसीलदार इमरान खान, पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता आशीष, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेंद्र, सहायक विकास अधिकारी नरेंद्र सिंह पिलानियां, श्रीराम माहिच, राजेंद्र, विमल जांगिड़, ग्राम पंचायत अलसीसर के प्रशासक हारून भाटी, कंकड़ेऊ कलां के रामप्रताप खेड़ड़, कांट की परमेश्वरी देवी, बाजला, रामपुरा के धर्मेंद्र, लादूसर के बलवीर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
अलसीसर पंचायत समिति में ग्राम रथ अभियान, बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीण
By -
May 14, 2026
0
Tags: