झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): जनगणना 2027 के अंतर्गत जिले में मकान सूचीकरण एवं घर-घर सर्वे अभियान की शुरुआत 16 मई से की जाएगी जो 14 जून तक चलेगा। इसके लिए जिलेभर में तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। उप जिला जनगणना अधिकारी एवं संख्याकी विभाग की उपनिदेशक पूनम कटेवा ने बताया कि प्रशिक्षण कार्य पूर्ण होने के बाद अब जिले में घर-घर सर्वे अभियान प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में कुल 123 प्रशिक्षण बैच बनाए गए, जिनमें 4,096 प्रगणकों एवं 704 पर्यवेक्षकों सहित कुल 4,800 जनगणना कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया। गुरुवार को अंतिम प्रशिक्षण शिविरों का समापन किया गया। सभी प्रगणक एवं सुपरवाइजर फील्ड में जाने से पूर्व अपने चार्ज जनगणना अधिकारी से जनगणना किट प्राप्त करेंगे।
प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों को घर-घर जाकर परिवारों की सही जानकारी एकत्रित करने, डिजिटल माध्यम से डेटा एंट्री करने, मोबाइल एप्लीकेशन के उपयोग तथा दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। साथ ही जनगणना कार्य को पूर्ण पारदर्शिता, जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए गए। उपनिदेशक पूनम कटेवा ने बताया कि सभी जनगणना कर्मियों को अपने मोबाइल फोन से पुरानी HLO एप्लीकेशन को अनइंस्टॉल करने तथा स्टोरेज क्लियर करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद प्ले स्टोर अथवा मैसेज इनेबल/सीएमएमएस वेब पोर्टल पर उपलब्ध आधिकारिक लिंक के माध्यम से नई HLO एप्लीकेशन डाउनलोड करने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि एप्लीकेशन डाउनलोड करते समय भाषा चयन में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं, क्योंकि रजिस्ट्रेशन के समय केवल एक बार ही भाषा चयन का विकल्प उपलब्ध होगा। सभी कर्मियों को हिंदी भाषा का चयन करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पहली लाइन के क्रमांक की एंट्री डिलीट नहीं करने के लिए भी कहा गया है। प्रशिक्षण के अंतिम दिन प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों द्वारा अपने घरों की मोबाइल एप के माध्यम से स्वगणना भी करवाई गई।