झुंझुनू (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और पारंपरिक जल स्रोतों के पुनर्जीवन के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान 2026’ का जिला स्तरीय शुभारंभ सोमवार को बगड़ कस्बे के ऐतिहासिक फतेहसागर तालाब से हुआ। इस अवसर पर कलश यात्रा, पीपल पूजन, सरोवर पूजन एवं श्रमदान जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए तथा आमजन को जल संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जल बचाने और स्वच्छता बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया। साथ ही जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने पर विशेष जोर देते हुए लोगों से पानी की प्रत्येक बूंद का महत्व समझने की अपील की गई।
*“सफाई करने वाला इंसान सबसे बड़ा इंसान”: बाजोर*
राज्य स्तरीय सैनिक कल्याण समिति के अध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा) प्रेम सिंह बाजोर ने अपने संबोधन में कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसमें आमजन की सक्रिय भागीदारी बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए स्वच्छता अभियान ने देशभर में नई चेतना पैदा की है तथा सफाई करने वाला व्यक्ति समाज का सबसे बड़ा सेवक है। बाजोर ने झुंझुनूं की वीरभूमि को नमन करते हुए कहा कि यहां के शहीद देश के गौरव हैं और समाज को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।
*विधायक ने दिलाई जल संरक्षण की शपथ*
कार्यक्रम के दौरान झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू ने उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों को जल की एक-एक बूंद बचाने, पर्यावरण संरक्षण करने तथा स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि यदि समाज संगठित होकर जल संरक्षण के प्रयास करे तो भविष्य में पानी की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है। मुकेश दाधीच ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं में जल संरक्षण की भावना सदियों से समाहित रही है। उन्होंने कहा कि पुराने तालाब, बावड़ियां और जोहड़ हमारी धरोहर हैं, जिन्हें बचाना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। भीषण गर्मी को देखते हुए उन्होंने आमजन से मूक पक्षियों के लिए घरों और सार्वजनिक स्थानों पर ‘परिंडे’ लगाने की अपील की। निवर्तमान जिला प्रमुख हर्षिनी कुल्हरी ने कहा कि जल संरक्षण की शुरुआत अपने घर से ही करनी चाहिए और दूसरों को इसके लिए प्रोत्साहित करना चाहिए। जिला परिषद सीईओ पुरुषोत्तम धानका ने अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी दी।
*कार्यक्रम में ये रहे मौजूद*
इस दौरान पूर्व सांसद नरेन्द्र कुमार, पूर्व उप जिला प्रमुख बनवारी लाल सैनी, विशम्बर पूनिया, गोविन्द सिंह राठौड़, रवि कुमार ओझा, अभियान जिला संयोजक राकेश शर्मा, एडीएम अजय कुमार आर्य, एसडीएम कौशल्या बिश्नोई, एसीईओ रामनिवास चौधरी, नगर पालिका ईओ अनिल कुमार, वाटरशैड प्रतिनिधि प्यारेलाल ढूकिया, राजेश दहिया, प्रदीप शर्मा, दलीप सैनी, एसई मनोज गौड़, संयुक्त निदेशक कृषि विभाग डॉ.राजेंद्र लांबा, उपनिदेशक उद्यानिकी डॉ.विजय पाल कस्वां, जिला उद्योग केंद्र महाप्रबंधक अभिषेक चोबदार, महिला एवं बाल विकास विभाग उप निदेशक बिजेंद्र सिंह राठौड़, जिला शिक्षा अधिकारी राजेश मील, जिला जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु सिंह तथा जिला रोजगार अधिकारी दयानंद यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।