साइबर ठगी का एक शातिर बदमाश गिरफ्तार

AYUSH ANTIMA
By -
0



निवाई (लालचंद माली): जिला स्पेशल टीम ने साइबर फ्रॉड के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए करोड़ों रुपए की ठगी करने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। डीएसटी प्रभारी उप निरीक्षक ओमप्रकाश ने बताया कि टीम द्वारा साइबर ठगी के खिलाफ कार्यवाही करते हुए गुंसी चौकी, सदर पुलिस थाना क्षेत्र में मुस्तैदी दिखाते हुए मौके से शातिर आरोपी दिलबर पुत्र रामचरण मीणा निवासी सुनारा को गिरफ्तार किया है। आरोपी से पुलिस ने साइबर ठगी में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन व एक बोलेरो गाड़ी भी जब्त की है। पुलिस ने बताया कि शातिर ठग के विरुद्ध नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर पहले से ही 29 मामले दर्ज हैं। आरोपी ने ठगी की वारदातों को अंजाम देने के लिए अब तक करीब 18 से अधिक फर्जी सिम कार्डों का उपयोग किया है। पुलिस पूछताछ और शुरुआती तफ्तीश में आरोपी द्वारा अब तक कुल 1 करोड़ 46 लाख रुपए की भारी-भरकम साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम देने का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। इस संबंध में सदर पुलिस थाना निवाई में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। पुलिस तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से इस गिरोह में शामिल आरोपी के अन्य साथियों, उसे फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध करवाने वाले डीलरों और ठगी की रकम ट्रांसफर करने के लिए बैंक खाते उपलब्ध करवाने वाले मददगारों के संबंध में गहनता से सुराग लगाने में जुटी है। टीम में हेड कांस्टेबल शरीफ मोहम्मद, कांस्टेबल शिवपाल, कांस्टेबल राधामोहन, कांस्टेबल राधाकिशन, कांस्टेबल राजेश, कांस्टेबल प्रधान व कांस्टेबल रूकमकेश शामिल रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!