आमजन की समस्याओं को परिवार की समस्याओं की तरह प्राथमिकता से सुलझाएं: नवीन जैन

AYUSH ANTIMA
By -
0


झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): जिले के प्रभारी सचिव नवीन जैन ने गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेते हुए अधिकारियों को सजगता, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी आमजन की समस्याओं को अपने परिवार की समस्याओं की तरह समझें और उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें। बैठक में जिला कलक्टर डॉ.अरुण गर्ग ने जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं, बजट घोषणाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। प्रभारी सचिव जैन ने विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन एवं आमजन को मिल रहे लाभ के बारे में जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। बैठक में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी सचिव ने जिले की पीएचसी एवं सीएचसी में रिक्त पदों को लेकर चिंता जताई। उन्होंने अधिकारियों को डेपुटेशन के माध्यम से चिकित्सकीय एवं अन्य आवश्यक पदों पर कार्मिकों की तैनाती के प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र भिजवाने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों। वर्षा जल संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए नवीन जैन ने कहा कि जल संकट का स्थाई समाधान केवल वर्षा जल संरक्षण से ही संभव है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पारंपरिक “टांका कल्चर” को पुनर्जीवित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं तथा आमजन को इसके लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण को जन आंदोलन का रूप देने की आवश्यकता है। प्रभारी सचिव ने राज्य सरकार की बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन की भी विस्तार से समीक्षा की और संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने फार्म पौंडिंग एवं तारबंदी योजनाओं का लाभ अधिकाधिक किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में समर्थन मूल्य पर खरीद व्यवस्था, बारदाने की उपलब्धता, मंगला पशु बीमा योजना, पंचगौरव कार्यक्रम, पर्यटन स्थलों के विकास, एचपीवी टीकाकरण अभियान तथा आगामी जनगणना की तैयारियों को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। प्रभारी सचिव ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला आबकारी अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि रात्रि 8 बजे बाद शराब बिक्री पर रोक की सख्ती से पालना सुनिश्चित की जाए तथा नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। बैठक में पीएम विश्वकर्मा योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रभारी सचिव ने एलडीएम गोपाल प्रसाद को योजना के लाभार्थियों को बैंकों द्वारा ऋण दिलवाने एवं लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। बैठक के पश्चात प्रभारी सचिव नवीन जैन ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा तैयार किए गए पीसीपीएनडीटी जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया तथा आमजन से गर्भस्थ लिंग परीक्षण नहीं करवाने की अपील करते हुए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैलाश यादव, अतिरिक्त जिला कलक्टर अजय कुमार आर्य सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!