झुंझुनू (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): पाटोदिया परिवार द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा व्यासपीठ से सुप्रसिद्ध कथावाचक श्री दुर्गादत्त जी व्यास (बीकानेर) के मुखारविंद से अमृतमयी कथा का वाचन 25 मई से इकतीस, मई तक किया गया। इस आध्यात्मिक आयोजन के बीच, गौ-सेवा के प्रति समर्पित पाटोदिया परिवार ने एक सराहनीय पहल की है। कथावाचक श्री दुर्गादत्त जी व्यास 28 मई, गुरुवार को पाटोदिया परिवार के सानिध्य में श्री गोपाल गौशाला पहुँचे थे। इस अवसर पर परिवार की ओर से गौ-सेवा हेतु एक लोडिंग टेंपो भेंट करने की घोषणा की गई थी। 31 मई को श्रीमद्भागवत कथा के समापन के अवसर पर दोपहर 12:30 बजे, श्री दुर्गादत्त जी व्यास के कर-कमलों से इस लोडिंग टेंपो का विधिवत लोकार्पण किया गया। यह टेंपो 'सुनील पाटोदिया वेलफेयर फाउंडेशन' एवं पाटोदिया परिवार की ओर से गौशाला को समर्पित किया गया है। श्री गोपाल गौशाला के अध्यक्ष प्रमोद खंडेलिया ने पाटोदिया परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस लोडिंग टेंपो के मिलने से गौशाला को चारे व अन्य आवश्यक सामग्री के परिवहन में बहुत सुविधा होगी। यह संसाधन गौ-सेवा के कार्यों को और अधिक गति प्रदान करेगा।
*अनेक गणमान्यजन रहे उपस्थित*
इस पुनीत अवसर पर भामाशाह पाटोदिया परिवार की ओर से श्रीमती मनभरी देवी पाटोदिया (धर्मपत्नी स्वर्गीय श्री चोथमल जी पाटोदिया), जुगल किशोर, जगदीश प्रसाद, पवन, अनिल, प्रमोद, डॉ.अंशुल, डॉ.मधुसूदन, अंकित एवं अमित पाटोदिया सहित परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। साथ ही श्री गोपाल गौशाला के अध्यक्ष प्रमोद खंडेलिया, मंत्री प्रदीप पाटोदिया, डॉ.डीएन तुलस्यान, अजीत राणासरिया और संजय नांगलिया सहित अनेक प्रबुद्धजन व गौ-भक्त बड़ी संख्या में उपस्थित थे।