निवाई (लालचंद माली): पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित अभिरुचि शिविर का मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मंजू मीणा ने औचक निरीक्षण करके आवश्यक दिशा निर्देश दिए। अवलोकन के दौरान मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मंजू मीणा ने कहा कि अभिरुचि शिविर बच्चों की छिपी हुई प्रतिभा को बाहर लाने का एक बेहतरीन मंच हैं। उन्होंने कहा कि गर्मी की छुट्टियों का इससे बेहतर सदुपयोग नहीं हो सकता। यहाँ बच्चे न केवल नई कलाएँ और तकनीक सीख रहे हैं, बल्कि उनका आत्मविश्वास भी बढ़ रहा है। बच्चों द्वारा किया जा रहा प्रदर्शन वाकई बेहतरीन और सराहनीय है। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने शिविर में संचालित विभिन्न विधाओं की कक्षाओं का गहनता से अवलोकन किया। बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स व वेस्ट मटीरियल से तैयार क्राफ्ट वर्क का भी अवलोकन किया। रिसोर्स पर्सन ओमप्रकाश गौतम ने विद्यार्थियों के सीखने के जज्बे एवं उपलब्धियां की सराहना की। प्रधानाचार्य गिरिराज प्रसाद गुर्जर ने बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें जीवन में शिक्षा के साथ-साथ इन व्यावहारिक कौशलों के महत्व को समझाया। स्काउट गाइड के सचिव विष्णुकांत शर्मा ने बताया कि शिविर में बच्चों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों, सीखे जा रहे तकनीकी कौशलों व उनके उत्साह को देखकर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने विद्यार्थियों की सराहना की। इस दौरान संदर्भ व्यक्ति पदमचंद सोगानी, लीना विजय, सुमन रूलानिया, मोहन लाल निराला, राम किशन गुर्जर, सोहन लाल वर्मा, पप्पू लाल मीणा, मांगीलाल थोरी, गिरिराज वर्मा, राजेंद्र शर्मा, अशोक चौधरी ने मुख्य ब्लॉक शिक्षाधिकारी को शिविर की प्रगति एवं व्यवस्थाओं से अवगत कराया।
3/related/default