निवाई (लालचंद माली): किसान महापंचायत द्वारा खेती-बाड़ी के लिए पानी की मांग को लेकर आयोजित जल यात्रा तीसरे दिन विभिन्न गांवों से होते हुए लुहारा पहुँची। यात्रा को लेकर ग्रामीणों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है और गांव-गांव में ग्रामीणों द्वारा आगे से आगे यात्रा की सभी व्यवस्थाएं संभाली जा रही हैं। लुहारा पहुँचने पर ग्रामीणों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान भगवान देवनारायण की पड़ गायन कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। बद्री लाल व बजरंग लाल जाट ने नहरी पानी को क्षेत्र में लाने के लिए तन, मन व धन से पूर्ण सहयोग करने का आश्वासन दिया। महापंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल जाट ने किसानों के दोनों हाथ खड़े करवाकर एक संकल्प दिलाया। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि मतदान करते समय खेती-बाड़ी के लिए पानी, फसल के उचित दाम एवं गांवों में लघु उद्योग खोलकर बेरोजगारी को समाप्त करने अर्थात् युवाओं को काम देने के मुद्दे पर ही मतदान करें। उन्होंने कहा कि किसान जब बाजार से एक साधारण मटकी भी खरीदता है, तो उसे दस बार बजाकर और चारों तरफ से देखने के बाद ही खरीदता है, फिर अपना कीमती वोट ऐसे ही क्यों दे दिया जाए। इसलिए मतदान करते समय नेताओं के कार्य, उनके चरित्र, किसानों के लिए किए गए संघर्ष और किसानों की पीड़ाओं के प्रति उनके दृष्टिकोण को सब प्रकार से परख कर ही वोट करें। हरभांवता के महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद महाराज ने भी यात्रा को पूर्ण समर्थन दिया। जल यात्रा संयोजक दशरथ सिंह चौहान ने बताया कि यह यात्रा अपने निर्धारित रूट के अनुसार गांव बिचपडी, सेदरिया, दहलोत व ललवाडी होते हुए आगे बढ़ेगी। रात्रिकालीन सभा गांव भांवता में आयोजित हुई, जहाँ रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां देकर किसानों को जागरूक किया गया। जल यात्रा में प्रदेशाध्यक्ष मुसद्दी लाल यादव, युवा प्रदेशाध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद चौधरी, प्रदेश मंत्री बत्तीलाल बैरवा, गोपीराम डबास, जिलाध्यक्ष गोपीलाल डोड़वाडी, उपाध्यक्ष सीताराम खादवाल, प्रचार मंत्री राधेश्याम गोहरपुरा, पीपलू अध्यक्ष दुल्लाराम प्रजापत, कोषाध्यक्ष मोहनलाल खोडा, पहाड़ी संयोजक राजाराम, संयोजक गोपाल पराना व गोपाल लाल सहित कई पदाधिकारी व ग्रामीण मौजूद थे।
किसान महापंचायत की जल यात्रा का जगह-जगह हुआ स्वागत, रामपाल जाट ने किसानों को दिलाया संकल्प
By -
May 29, 2026
0
Tags: