रानीवाड़ा/जालौर (मदन माहेश्वरी): जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जालोर के सचिव अहसान अहमद के आदेशानुसार एवं तालुका विधिक सेवा समिति रानीवाड़ा के अध्यक्ष मदन सिंह चौधरी के निर्देशन में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय डुंगरी भाखरी में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अधिकार मित्र चन्दुलाल भील ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित ग्रामीणों को विभिन्न कानूनों एवं जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने साइबर अपराध पीड़ितों के लिए कानूनी सेवाओं पर आधारित कानूनी जागरूकता कार्यक्रम योजना 2026 के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही नालसा (बाल हितैषी कानूनी सेवाएं) योजना 2024 की जानकारी देते हुए बच्चों के अधिकारों और संरक्षण के विषय में जागरूक किया। इस दौरान बाल विवाह रोकथाम पर विशेष जोर देते हुए बताया गया कि निर्धारित आयु से पहले विवाह करना कानूनन अपराध है। शिविर में निशुल्क विधिक सहायता, नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 तथा राष्ट्रीय लोक अदालत की प्रक्रिया और महत्व के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक देवाराम चौधरी, धनाराम गर्ग, मसराराम पुरोहित, ज्योति मीणा, भेराराम, ओमी कुमारी, हरिप्रसाद यादव सहित विद्यालय स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में सभी ने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को समाज के लिए आवश्यक बताते हुए इन्हें निरंतर आयोजित करने की आवश्यकता जताई।