प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत ने सांध्य चौपाल में सुनी जन समस्याएं: दिए समाधान के निर्देश

AYUSH ANTIMA
By -
0



झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ग्राम रथ अभियान के तहत बुधवार को मंडावा विधानसभा क्षेत्र की कायस्थपुरा ग्राम पंचायत में आयोजित सांध्य चौपाल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर ग्राम रथ के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान भी किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग और जिले के प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक गांव तक योजनाओं की जानकारी पहुंचे और पात्र व्यक्ति को उसका लाभ मिले। उन्होंने कहा कि ग्राम रथ अभियान के माध्यम से गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है तथा उनकी समस्याओं को मौके पर ही सुनकर समाधान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में इन जागरूकता रथों के माध्यम से ग्राम से जुड़े 13 विभागों की विभिन्न योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू ने यह अभियान सरकार के दो वर्षों के कार्यों को आमजन तक पहुंचाने, सुझाव लेने तथा समस्याओं के समाधान का एक प्रभावी माध्यम बन रहा है। निवर्तमान जिला प्रमुख हर्षिनी कुलहरी ने कहा कि प्रशासन गांव तक पहुंचकर राहत देने का कार्य कर रहा है, जिससे जनता में संतोष का माहौल है। उल्लेखनीय है कि जिले में अब तक 216 ग्राम पंचायतों में 40 हजार से अधिक लोगों से संवाद किया जा चुका है। जिला कलक्टर डॉ.अरुण गर्ग ने बताया कि जिले की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक एलईडी वाहन आवंटित किया गया है, जो प्रतिदिन 3 से 5 गांवों में जाकर योजनाओं की जानकारी दे रहा है। समारोह के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, ट्राई साइकिल वितरण, पट्टा वितरण, बीमा क्लेम, अन्नप्राशन जैसी योजनाओं के लाभार्थियों को दस्तावेज सौंपे गए। ग्रामीण रथ के माध्यम से योजनाओं की वीडियो क्लिप का प्रसारण किया गया तथा स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुतियां भी दी गई। इससे पहले जीवा वाली ढाणी और पकोड़ी की ढाणी में भी प्रभारी मंत्री गहलोत एवं विधायक भांबू ने भामाशाहों द्वारा बनवाए गए कक्षा को का लोकार्पण किया। इस अवसर पर जिला परिषद के सीईओ कैलाश यादव, एसडीएम कौशल्या बिश्नोई, समाज कल्याण विभाग उपनिदेशक डॉ.पवन पूनिया, जिला जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु सिंह, तहसीलदार महेंद्र मूंड, विशंभर पूनिया, मुरारी सैनी, रोहताश धांगड़, दलीप सैनी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!