झुंझुनू (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा व एनडीए गठबंधन की ऐतिहासिक सफलता पर सोमवार को झुंझुनूं भाजपा जिला कार्यालय उत्सव के रंग में रंग गया। भाजपा जिला अध्यक्ष हर्षिनी कुलहरी के नेतृत्व में आयोजित विजय उत्सव में कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की, एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और “मोदी-मोदी” तथा “भारत माता की जय” के नारों से माहौल को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया।
कार्यक्रम में मौजूद पूर्व सांसद नरेंद्र खीचड़ ने इसे “जनता के अटूट विश्वास और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व की ऐतिहासिक जीत” करार दिया। उन्होंने कहा कि देश में विकास, सुशासन और लोक कल्याणकारी नीतियों के दम पर भाजपा ने आमजन के दिलों में जो भरोसा कायम किया है, यह उसी विश्वास की अभूतपूर्व विजय है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में आजादी के बाद पहली बार भाजपा गठबंधन का मजबूत जनाधार बनना, असम में लगातार तीसरी बार सरकार बनने की ओर बढ़ना और पुडुचेरी में दूसरी बार एनडीए की सत्ता में वापसी यह दर्शाती है कि देश की जनता विकास, राष्ट्रवाद और स्थिर नेतृत्व के साथ खड़ी है। जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच भाजपा नेताओं ने इसे “नए भारत की राजनीतिक दिशा” बताया। समारोह में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी तथा संगठन की मजबूती और आगामी चुनावों में और अधिक सक्रियता का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला महामंत्री वीरपाल सिंह, दलीप सैनी, जिला उपाध्यक्ष सुनील लांबा, महावीर ढाका, मीडिया प्रभारी ललित जोशी, सोशल मीडिया प्रभारी चंद्रप्रकाश शुक्ला, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष जय सिंह माठ, कार्यालय मंत्री हरीश तुलस्यान, पूर्व जिला अध्यक्ष सुभाष शर्मा, पार्षद विजय सैनी, ताराचंद सैनी, रामनिवास सैनी, लोकेश अग्रवाल, पूर्व ग्रामीण अध्यक्ष भादर सिंह, रामचंद्र शर्मा, महेंद्र सोनी, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष शौकत अली रविंदर सिंह, ख्याली कुमावत, राजेंद्र ठठेरा सहित जिलेभर से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।