सूरौठ/करौली (मोहन पाठक): गांव ताहरपुर में मीणा समाज के तत्वाधान में चल रहे दो दिवसीय पद गायन दंगल का समारोह पूर्वक समापन किया गया। समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महवा विधायक राजेंद्र मीणा थे। इस अवसर पर विधायक मीणा ने कहा कि पद गायन भारतीय संस्कृति की पहचान है। इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों से पौराणिक ज्ञान तो मिलता ही है, साथ ही भाईचारे को भी बढ़ावा मिलता है। कार्यक्रम में पूर्व प्रधान शिवराज मीणा, धांधू पटेल, विश्राम मीणा, भगवान सिंह मीणा सहित काफी लोगों ने महवा विधायक मीणा का साफे व मालाएं पहनाकर सम्मान किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने महवा विधायक को राज्य के कैबिनेट मंत्री डॉ.किरोड़ी लाल मीणा के नाम ज्ञापन सौंपकर ताहरपुर से भुकरावली तक सड़क बनवाने, गांव में 33 केबी जीएसएस और डिस्पेंसरी स्वीकृत करवाने की मांग रखी। इसी तरह सामाजिक कार्यकर्ता भगवान सिंह मीणा ने ज्ञापन सौंपकर ताहरपुर में पेयजल टंकी का निर्माण करवाने, ताहरपुर से कंचनपुर एवं भुकरावली तक सड़क निर्माण करवाने तथा राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल ताहरपुर के लिए सरकारी भूमि में से जमीन आवंटित करवाने की मांग की। महवा विधायक मीणा ने भरोसा दिलाया कि ग्रामीणों की मांगों को सरकार एवं प्रशासन से पूरा करवाने का प्रयास किया जाएगा। पद दंगल में गायक कलाकारों ने विभिन्न धार्मिक एवं पौराणिक प्रसंगों पर रचनाएं प्रस्तुत की। रचनाओं को सुनकर पांडाल में मौजूद श्रोता मंत्र मुग्ध हो गए। दंगल में शेखपुरा, लाला राम पुरा, डेडान, झारैडा, पीपरी आदि गायन पार्टियों के कलाकारों ने रचनाएं प्रस्तुत की। कार्यक्रम में मीणा समाज के पंच पटेलों ने सभी गायक कलाकारों को पुरस्कार सामग्री भेंटकर सम्मानित किया।
3/related/default