झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आयोजित प्रयोगशाला सहायक भर्ती परीक्षा 9 एवं 10 मई को जिले में आयोजित की जाएगी। परीक्षा को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।
परीक्षा समन्वयक एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर अजय कुमार आर्य ने बताया कि 9 मई को प्रयोगशाला सहायक (भूगोल) की सीधी भर्ती परीक्षा आयोजित होगी, जबकि 10 मई को प्रयोगशाला सहायक एवं कनिष्ठ प्रयोगशाला सहायक (विज्ञान) की संयुक्त परीक्षा दो पारियों में संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि 9 मई को आयोजित होने वाली भूगोल विषय की परीक्षा के लिए जिले में कुल 37 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें झुंझुनूं में 23, बगड़ में 6 तथा नवलगढ़ में 8 परीक्षा केंद्र शामिल हैं। इस परीक्षा में कुल 11 हजार 864 परीक्षार्थी भाग लेंगे। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक एक ही प्रश्न पत्र में आयोजित की जाएगी। वहीं 10 मई को विज्ञान विषय की परीक्षा के लिए जिले में कुल 51 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें झुंझुनूं में 23, बगड़ में 6, चिड़ावा में 13 तथा नवलगढ़ में 9 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इस परीक्षा में कुल 17 हजार 40 परीक्षार्थी शामिल होंगे। विज्ञान विषय की परीक्षा दो पारियों में आयोजित होगी। पहला पेपर सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरा पेपर दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक लिया जाएगा।