रानीवाड़ा/जालौर (मदन माहेश्वरी): रानीवाड़ा स्टेट हाईवे से देवपुरा गांव तक सड़क निर्माण कार्य के लिए 57 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। करीब 3.2 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण से देवपुरा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सकेगी। पूर्व विधायक नारायण सिंह देवल ने बताया कि ग्रामीणों की लंबे समय से इस सड़क के निर्माण एवं नवीनीकरण की मांग थी। इस संबंध में लगातार प्रयास किए गए, जिसके परिणामस्वरूप अब सड़क निर्माण कार्य को मंजूरी मिली है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण पूरा होने के बाद ग्रामीणों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। विशेषकर बरसात के दिनों में खराब सड़क के कारण आने वाली समस्याओं का समाधान होगा। किसानों को कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी, वहीं विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आमजन को भी बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
देवल ने कहा कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। देवपुरा सड़क निर्माण की स्वीकृति इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की स्वीकृति पर खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने की बात कही। पूर्व विधायक नारायण सिंह देवल ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग मंत्री दिया कुमारी का आभार व्यक्त किया।