जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): अन्तर्राष्ट्रीय समरसता मंच द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस का समापन समारोह जयपुर स्थित रोटरी क्लब सभागार में गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति जेके रांका, राष्ट्रीय अध्यक्ष, सुप्रीम कोर्ट-हाई कोर्ट रिटायर्ड जज एसोसिएशन एवं डॉ.जितेन्द्र सिंह, पूर्व कैबिनेट मंत्री, राजस्थान सरकार थे। कार्यक्रम में गोपाल शर्मा, विधायक सिविल लाइन्स विधानसभा, समारोह के विशिष्ट अतिथि राजेन्द्र कुमार नायक, राज्य मंत्री, राजस्थान सरकार एवं पीसी जैन, वरिष्ठ अधिवक्ता, राजस्थान उच्च न्यायालय, जयपुर थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता हुकम चन्द गणेशिया, प्रमुख विधिवेत्ता एवं चांसलर, रोमा इंटरनेशनल कल्चर यूनिवर्सिटी, नई दिल्ली द्वारा की गई। समारोह में उपस्थित अतिथियों ने अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर श्रमिकों के हितों एवं उनकी समस्याओं पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा 1 मई को अन्तर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस घोषित किए जाने के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर अन्तर्राष्ट्रीय समरसता मंच के संयोजक डॉ.कुलदीप प्रसाद शर्मा, एडवोकेट, ईस्ट-वेस्ट लॉ फर्म, नेपाल ने बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय समरसता मंच गत 30 वर्षों से निरन्तर श्रमिक दिवस समारोह का आयोजन करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि मंच के संस्थापक स्वर्गीय श्री महावीर प्रसाद टोरड़ी द्वारा नेपाल के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं नेपाल सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश श्री परमानन्द झा तथा न्यायमूर्ति भगवती प्रसाद बेरी सहित अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों के सानिध्य में इस मंच की स्थापना की गई थी। उन्होंने बताया कि विश्व व्रत महावीर प्रसाद टोरड़ी का पुण्य दिवस भी आज ही है तथा स्थापना काल से ही मंच भारत की शक्ति, प्रतिष्ठा एवं पंचशील सिद्धांतों को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने, भारत को पुनः विश्वगुरु बनाने, संयुक्त राष्ट्र संघ की सुरक्षा परिषद में भारत को वीटो पावर सहित स्थायी सदस्यता दिलाने तथा अयोध्या में संयुक्त राष्ट्र संघ का मुख्यालय स्थापित कराने जैसे उद्देश्यों के साथ कार्यरत है। मंच की ग्लोबल एम्बेसेडर डॉ.तुहिना प्रकाश शर्मा एवं सवेन्द्रजीत सिंह ने बताया कि मंच वर्षभर विभिन्न स्तरों पर कार्यक्रम आयोजित कर ऐसी प्रतिभाओं का चयन करता है, जो अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने के बावजूद उचित पहचान से वंचित रह जाती हैं। मंच ऐसी प्रतिभाओं को खोजकर उन्हें सम्मानित करने का कार्य करता है। इसी क्रम में अन्तर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस समापन समारोह में 71 प्रतिभाओं को 25 देशों के राष्ट्रीय ध्वजों के सानिध्य में “कर्म श्री अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान मंच पर उपस्थित अतिथियों के कर-कमलों द्वारा प्रदान किया गया। कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि अन्तर्राष्ट्रीय समरसता मंच की कार्य-योजनाओं एवं उद्देश्यों के समर्थन में विश्व के 25 राष्ट्रों ने अपने-अपने राष्ट्रीय ध्वज मंच को प्रदान किए हैं। कार्यक्रम का संचालन इंजी.नरेन्द्र कुमार पांडेय, एडवोकेट द्वारा किया गया तथा कार्यक्रम प्रबंधन की जिम्मेदारी प्रमोद कुमार शर्मा ने निभाई। कार्यक्रम के छायाकार रामचरन वर्मा एवं मन्थन शर्मा रहे।
25 देशों के राष्ट्रीय ध्वजों के सानिध्य में सम्पन्न हुआ अन्तर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस समापन समारोह
By -
May 13, 2026
0
Tags: