जयपुर (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): सिंघानिया विश्वविद्यालय और वर्ल्ड पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) हस्ताक्षरित हुआ, जिसके तहत 18 मार्च 2027 को सिंघानिया विश्वविद्यालय, पचेरी बड़ी परिसर में तृतीय एशियन पैरा थ्रोबॉल चैम्पियनशिप का आयोजन किया जाएगा। यह समझौता जयपुर में आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर वर्ल्ड पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डॉ.अल्बर्ट प्रेम कुमार ने बताया कि इससे पहले यह प्रतियोगिता कंबोडिया में आयोजित हो चुकी है तथा जून माह में कुआलालंपुर (मलेशिया) में आयोजित होने जा रही है। इसके बाद अगला आयोजन भारत में, विशेष रूप से सिंघानिया विश्वविद्यालय में होगा, जिसमें कम से कम 14 देशों की टीमें भाग लेंगी।
सिंघानिया विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ.मनोज कुमार ने इस अवसर पर कहा कि विश्वविद्यालय को इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन की मेजबानी का अवसर मिलना गर्व की बात है। उन्होंने आश्वस्त किया कि विश्वविद्यालय में खेलों की सभी उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध हैं और इस आयोजन को सफल बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। वहीं, वर्ल्ड पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया की अध्यक्ष सुश्री निर्मला रावत ने कहा कि जब सिंघानिया विश्वविद्यालय ने पूर्व में राष्ट्रीय स्तर की पैरा थ्रोबॉल प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया था, तभी उन्होंने निर्णय लिया था कि भविष्य में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता भी यहीं आयोजित कराई जाएगी। उन्होंने विश्वविद्यालय के वातावरण और व्यवस्थाओं को अंतरराष्ट्रीय खेलों के लिए अत्यंत उपयुक्त बताया। कार्यक्रम के दौरान प्रो-प्रेसिडेंट एवं कैंपस डायरेक्टर, सिंघानिया विश्वविद्यालय, डॉ.पीएस जस्सल ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बताया कि विश्वविद्यालय के दो छात्र भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने जा रहे हैं, जिनका पूरा खर्च विश्वविद्यालय वहन करेगा। साथ ही भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने वाले छात्रों को इसी प्रकार की सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। गौरतलब है कि आगामी जून में कुआलालंपुर में होने वाले द्वितीय एशियन पैरा थ्रोबॉल खेलों से सिंघानिया विश्वविद्यालय एवं वर्ल्ड पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि भारत का ध्वज लेकर आएंगे, जिसके बाद राजस्थान की धरती पर यह पहला अंतरराष्ट्रीय पैरा थ्रोबॉल आयोजन होगा। इस मौके पर गणमान्य अतिथियों में भगवान लाल (सेवानिवृत्त आईपीएस), सुनील कुमार (सचिव, पुलिस एवं अग्निशमन खेल बोर्ड ऑफ इंडिया), सुनील कुमार सोबती (प्रो-प्रेसिडेंट एवं मुख्य वित्त अधिकारी, सिंघानिया विश्वविद्यालय), डॉ.मोनिका सैनी (जनसंपर्क अधिकारी, सिंघानिया विश्वविद्यालय) सहित विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधि, पैरा खिलाड़ी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ.मनोज वर्गीज (डीन, जनसंचार, सिंघानिया विश्वविद्यालय) ने किया। इसके पश्चात एक प्रेस वार्ता का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी अतिथियों ने अपने विचार साझा किए।