पिलानी (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): बिरला एजुकेशन ट्रस्ट, पिलानी के तत्वावधान में बिरला बालिका विद्यापीठ, पिलानी द्वारा 2 मई 2026 को “कैंपस कनेक्ट फेयर 2026-27” का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को करियर संबंधी स्पष्ट दिशा प्रदान करना तथा उन्हें बेहतर भविष्य के लिए जागरूक बनाना था। इस वर्ष का विषय “द फ्यूचर आर्किटेक्ट्स: करियर गाइडेंस कॉनक्लेव” रहा, जिसके माध्यम से छात्राओं को भ्रम से स्पष्टता, दबाव से सही निर्णय और सपनों से दिशा की ओर प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के आयोजक राहुल जैनना ने अपने विचार साझा करते हुए छात्राओं को प्रेरित किया कि वे प्रश्न पूछें, स्वतंत्र रूप से खोज करें और सदैव जिज्ञासु बनी रहें। मुख्य अतिथि एवं संस्थान के निदेशक मेजर जनरल एसएस नायर, एवीएसएम ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी युग में ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपने करियर विकल्पों को समझने और सही मार्ग चुनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस करियर मार्गदर्शन मेले में देश-विदेश की प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थाओं जैसे अशोका यूनिवर्सिटी, NMIMS मुंबई, शिव नादर यूनिवर्सिटी, KREA यूनिवर्सिटी, अहमदाबाद यूनिवर्सिटी, एसपी जैन ग्लोबल, ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी, BITS, IIAD दिल्ली, IILM यूनिवर्सिटी, इंडियन स्कूल ऑफ हॉस्पिटैलिटी, एलायंस यूनिवर्सिटी तथा यूनिवर्सिटी ऑफ साउथैम्प्टन आदि ने भाग लिया। इन संस्थानों के प्रतिनिधियों ने छात्राओं को विभिन्न पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रियाओं और करियर संभावनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कक्षाओं की छात्राओं के लिए अलग-अलग सत्रों का आयोजन किया गया। दिनभर चले इस आयोजन में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने करियर से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण प्रश्नों के उत्तर प्राप्त किए। विद्यालय की प्राचार्या अचला वर्मा ने बताया कि यह करियर मार्गदर्शन मेला छात्राओं के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि छात्राओं को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सक्षम और आत्मनिर्भर बनाना है। इस कार्यक्रम में बिरला शिशु विहार, पिलानी, बिरला पब्लिक स्कूल, पिलानी, बिरला स्कूल पिलानी, बाल निकेतन विद्यालय, पिलानी के छात्र-छात्राओं ने उत्साह से भाग लिया।
बिरला बालिका विद्यापीठ, पिलानी में “कैंपस कनेक्ट फेयर 2026-27” का सफल आयोजन
By -
May 03, 2026
0
Tags: