रानीवाड़ा/जालौर (मदन माहेश्वरी): राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सेवाड़िया में विभागीय आदेशानुसार कक्षा 12 के विद्यार्थियों के लिए 17 मई से 31 मई तक 15 दिवसीय समाज सेवा एवं अभिरुचि शिविर का आयोजन किया जा रहा है। प्रधानाचार्य मो.नासिर ने बताया कि शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में समाज सेवा, राष्ट्र सेवा, समर्पण और त्याग की भावना विकसित करना है। शिविर प्रभारी आसुराम सेन के नेतृत्व में विद्यार्थियों को समाज सेवा, पशु-पक्षी सेवा, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही विद्यार्थियों को वृक्षों के महत्व एवं संरक्षण की जानकारी देकर नियमित व्यायाम भी कराया जा रहा है। शिविर के चौथे दिन भामाशाह रमेशचंद्र छोगाराम पुरोहित ने विद्यार्थियों को बिस्किट वितरित किए। इस दौरान कक्षा 12 के विद्यार्थियों एवं सेवाड़िया युवा ग्रुप के सदस्यों ने पक्षियों के लिए पानी के परिंडे और घोंसले बांधकर जीव दया का संदेश दिया। प्रधानाचार्य मो.नासिर ने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण और समाज व राष्ट्र के प्रति कर्तव्य बोध जागृत करने में सहायक होते हैं। इस दौरान विद्यालय स्टाफ, विद्यार्थी एवं युवा ग्रुप के सदस्य मौजूद रहे।
3/related/default