बीकानेर: शहर में फूड पॉइजनिंग से 13 श्रमिकों के बीमार होकर अस्पताल में भर्ती होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। देश के गृह मंत्री और मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के दो दिवसीय दौरे से पहले इस प्रकार की घटना सेे प्रशासनिक अधिकारियों के हाथ पांव फुल गये है। बताया जा रहा है कि सीएम कृषि विवि में रात्रि विश्राम करेंगे। इसके पास सफाई कार्य में जुटे नगर निगम के 13 संविदा श्रमिक फूड पॉइजनिंग का शिकार हुए हैं। आरोप है कि बीछवाल स्थित 'इंदिरा रसोई' से मंगाए गए दोपहर के खाने में छिपकली गिरी हुई थी। खाना खाने के बाद अचानक श्रमिकों की तबीयत बिगडऩे लगी और उन्हें उल्टियां होने लगीं। आनन-फानन में सभी को पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। संविदा फर्म के सुपरवाइजर ताराचंद चंदेलिया ने बताया कि नगर निगम की तरफ से खाना नहीं आया था, जिसके कारण श्रमिकों ने इंदिरा रसोई से भोजन किया था। खाना खाने के तुरंत बाद ही उनकी तबीयत बिगड़ गई। पीबीएम चौकी प्रभारी साहब राम ने जानकारी दी है कि प्रथम दृष्टया पूछताछ में खाने में छिपकली गिरने की बात सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस द्वारा इस पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। राहत की बात यह है कि अस्पताल में भर्ती सभी 13 श्रमिक में 3 पुरुषों सहित ज्यादातर महिलाएं शामिल हैं। डॉक्टरों के अनुसार अब खतरे से बाहर हैं।
3/related/default