झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): धर्म, आस्था और संस्कृति की पावन धारा एक बार फिर झुंझुनूं में प्रवाहित होने जा रही है। शहर में सनातन परंपरा को सशक्त करने और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से “श्रीरामकथा अमृत वर्षा” का भव्य एवं दिव्य आयोजन किया जा रहा है। यह 9 दिवसीय धार्मिक महोत्सव 1 मई से 9 मई 2026 तक आयोजित होगा, जिसमें प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से सायं 5 बजे तक श्रद्धालु रामकथा के अमृतमय प्रवचनों का लाभ उठा सकेंगे।
*भव्य कलश यात्रा से होगा शुभारंभ, भक्तिमय होगा पूरा शहर*
इस महाआयोजन की शुरुआत 1 मई 2026 को प्रातः 8:15 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगी। यह यात्रा शिव मंदिर, बावलियों की बगीची से प्रारंभ होकर कथा स्थल तक पहुंचेगी। कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाएं सिर पर कलश धारण कर, मंगल गीतों के साथ नगर में भक्ति का वातावरण निर्मित करेंगी। युवा, बुजुर्ग और मातृशक्ति की भागीदारी से यह यात्रा एक अलौकिक दृश्य प्रस्तुत करेगी। रामकथा का आयोजन शहर के चूणा चौक पार्क, सिद्धेश्वर महादेव मंदिर के सामने, पुरोहितों की बगीची, राणी सती रोड, झुंझुनूं में किया जाएगा। आयोजन स्थल को आकर्षक सजावट, विशाल पंडाल और श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुरूप व्यवस्थाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार कथा स्थल पर बैठने, पेयजल, छाया एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की जाएगी। इस धार्मिक आयोजन में कथा वाचन का दायित्व अयोध्या धाम के सुप्रसिद्ध संत एवं कथा वाचक श्री धर्मदास महाराज निभाएंगे। अपने प्रभावशाली, ओजस्वी और भावपूर्ण प्रवचनों के लिए प्रसिद्ध महाराज श्री भगवान श्रीराम के जीवन के विभिन्न प्रसंगों को सरल भाषा में प्रस्तुत करेंगे। उनके प्रवचन न केवल भक्ति का संचार करेंगे, बल्कि जीवन जीने की प्रेरणा भी देंगे। इस आयोजन के आयोजक समस्त सनातन धर्म प्रेमी एवं नगरवासी, झुंझुनूं हैं। संयोजक महेश बसावतिया ने बताया कि यह आयोजन समाज में धार्मिक जागरूकता, संस्कारों की स्थापना और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने समस्त नगरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार पधारकर रामकथा का श्रवण करें और पुण्य लाभ अर्जित करें ।