बीकानेर: स्वास्थ्य विभाग द्वारा एचपीवी टीकाकरण का विशेष सात दिवसीय अभियान शुक्रवार को शुरू हुआ। पहले ही दिन तीन सौ से अधिक किशोरियाँ एचपीवी टीका लगवाने स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंची। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.पुखराज साध ने बताया कि जिला कलेक्टर निशांत जैन के निर्देशानुसार एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद सुश्री शैलजा पांडे के नेतृत्व में जिले में कुल 47 अस्पतालों पर टीकाकरण सत्र आयोजित किए गए। इसमें संपूर्ण प्रोटोकॉल के साथ 14 से 15 वर्ष एवं 90 दिन तक की आयु वाली किशोरियों को टीके लगाए गए। उन्होंने बताया कि किसी भी केंद्र पर किसी भी बालिका को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।
*वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से हुई समीक्षा*
प्रथम दिन की उपलब्धि की समीक्षा वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद सुश्री शैलजा पांडे द्वारा की गई। उन्होंने पहले दिन की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया और आगामी दिनों में अधिक से अधिक लाभार्थियों तक पहुँचने के निर्देश दिए। विशेष रूप से ब्लॉक नोखा, श्रीडूंगरगढ़ तथा बज्जू द्वारा इस दिशा में अच्छे प्रयास किए गए हैं। जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.भवानी शंकर गहलोत ने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षकों द्वारा बालिकाओं की काउंसलिंग में सराहनीय मदद की गई।
*शनिवार को इन केंद्रों पर उपलब्ध रहेगी सुविधा*
डॉ.गहलोत ने बताया कि शनिवार को भी लगभग 50 अस्पतालों पर टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसमें पीबीएम अस्पताल का बच्चा अस्पताल, जिला अस्पताल बीकानेर, नोखा जिला अस्पताल, सभी उपजिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा चिन्हित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल रहेंगे।
*पंजीकरण की आसान व्यवस्थ*
यूएनडीपी के योगेश शर्मा ने जानकारी दी कि कोई भी लाभार्थी स्वयं अपने मोबाइल पर यूविन पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण करके भी टीकाकरण करवा सकती है। इसके अलावा सीधे टीकाकरण केंद्र पर पहुंचकर मौके पर ही पंजीकरण करवाने की सुविधा भी उपलब्ध है। इस दौरान विभाग के समस्त ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी अभियान की निगरानी में जुटे रहे।