आज के शोरगुल भरे, दौड़ती हुई दुनिया में इंसान बहुत कुछ हासिल कर लेता है। दौलत, शोहरत, ताक़त लेकिन एक चीज़ उससे दूर होती चली जाती है, दिल की नर्मी और रूह की सच्चाई। ऐसे दौर में मदीने का सफ़र केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि इंसान के अंदर होने वाली एक गहरी क्रांति का नाम है। जब एक आशिक़े रसूल, मदीने की ओर क़दम बढ़ाता है, तो वह एक आम मुसाफ़िर नहीं होता। वह अपने साथ अपने गुनाहों का बोझ, अपनी नाकामियों की कहानी और अपने दिल की टूटी हुई हालत लेकर चलता है। उसकी आंखों में आंसू होते हैं, माथे पर झुकाव होता है और क़दमों में लड़खड़ाहट। यह सब उसकी कमज़ोरी नहीं, बल्कि उसकी सच्ची पहचान है। असल में, यह सफ़र इंसान को यह एहसास दिलाता है कि वह खुद कुछ भी नहीं। अगर कोई चीज़ उसे आगे बढ़ा रही है, तो वह है रहमते मुस्तफ़ा सल्लल्लाहो अलैहे वसल्लम का सहारा।
मदीने की सरज़मीं पर पहुंचकर इंसान को समझ में आता है कि पवित्रता (तक़द्दुस) किसे कहते हैं। वहां की हवा सिर्फ़ सांस लेने का ज़रिया नहीं होती, बल्कि दिल को पाक करने वाली एक रूहानी ताक़त बन जाती है। वहां का माहौल इंसान को ख़ामोशी में भी बहुत कुछ सिखा देता है। अदब, झुकाव और मोहब्बत। इस सफ़र की सबसे बड़ी सच्चाई यह है कि यहां देखना आंखों से नहीं, बल्कि दिल से होता है। कई बार इंसान की आंखें उस नूर को देखने से क़िसिर रह जाती हैं लेकिन उसका दिल, उसकी बसीरत, उसे वह सब दिखा देती है जो ज़ाहिरी नज़र नहीं देख सकती और यही वह मुक़ाम है जहां से इंसान बदलना शुरू होता है। जो कभी अपनी खुशमिज़ाजी पर नाज़ करता था, वही अब मदीने की जुदाई में बेचैन और ग़मगीन रहने लगता है। यह ग़म कोई आम ग़म नहीं, बल्कि इश्क़ का वह दर्द है जो इंसान को अंदर से ज़िंदा कर देता है। आज हमें खुद से एक सवाल पूछना चाहिए। क्या हमारा दिल भी उस सफ़र के लिए तैयार है। मदीने का रास्ता सिर्फ़ टिकट और पासपोर्ट से तय नहीं होता। यह रास्ता तय होता है आंसुओं से, तौबा से और सच्ची मोहब्बत से। अगर हम अपने दिल को साफ़ कर लें, अपने गुनाहों पर सच्चे दिल से पछता लें और अपनी ज़िंदगी को दरूद व सलाम से रोशन कर लें तो यक़ीन मानिए, मदीने का बुलावा भी दूर नहीं रहेगा क्योंकि मदीना सिर्फ़ एक शहर नहीं, वह एक एहसास है, एक पुकार है और एक ऐसी मंज़िल है जो इंसान को उसके रब और उसके नबी सल्लल्लाहो अलैहे वसल्लम से जोड़ देती है। आज के इस भटके हुए दौर में, मदीने का सफ़र हमें यह सिखाता है कि असली कामयाबी बाहर की दुनिया जीतने में नहीं, बल्कि अपने अंदर की दुनिया को जीतने में है और जो इंसान इस सफ़र को समझ लेता है, वह फिर कभी पहले जैसा नहीं रहता।