झुंझुनू (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): सीएमएचओ डॉ.छोटेलाल गुर्जर ने मंगलवार को उप जिला अस्पताल खेतड़ी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मौसमी बीमारियों और जारी हीट वेव अलर्ट को देखते हुए अस्पताल की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान डॉ.गुर्जर ने वार्ड में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हाल जाना तथा अस्पताल में मिल रही सुविधाओं और विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने दवा योजना, जांच योजना और सिजेरियन डिलीवरी जैसी सेवाओं की स्थिति की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। सीएमएचओ ने विशेष रूप से मा योजना के तहत पात्र मरीजों के पैकेज समय पर बुक करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को योजना का लाभ मिल सके। इसके अलावा उन्होंने गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए अस्पताल में दवाइयों, पेयजल और अन्य आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हीट वेव के दौरान मरीजों को त्वरित और बेहतर उपचार उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी वार्डों में कुलर पंखे पर्दे आदि लगाने के निर्देश दिए पीने के पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर पीएमओ डॉ.अक्षत शर्मा बीसीएमओ डॉ.हरीश यादव भी मौजूद रहे।
3/related/default