आईपीएल के आयोजन के लिए समस्त आवश्यक इंतजामात करने के दिए निर्देश

AYUSH ANTIMA
By -
0


जयपुर: माननीय राजस्थान राज्य मानवाधिकार आयोग द्वारा आईपीएल 2026 के संबंध में जारी निर्देशों, आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के प्रावधानों एवं इवेक्यूएशन प्लान को ध्यान में रखते हुए जिला कलेक्टर संदेश नायक ने बुधवार को आईपीएल आयोजन स्थल एसएमएस स्टेडियम का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की। जिला कलेक्टर ने राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद्, आईपीएल आयोजकों, पीडब्ल्यूडी, अग्निशमन विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियो को निर्देशित किया कि आयोजन से पूर्व सभी आवश्यक जांच एवं सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने निर्देश दिए कि स्टेडियम में एम्बुलेंस सहित प्रशिक्षित चिकित्सकीय दल की तैनाती की जाए, विभिन्न स्थानों पर मेडिकल कियोस्क स्थापित किए जाएं, स्वच्छता व्यवस्था एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही दर्शकों की सघन तलाशी, आयोजन स्थल पर पर्याप्त अग्निशमन वाहनों एवं उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, बच्चों एवं दिव्यांगजनों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। दिव्यांगजनों हेतु दर्शक दीर्घा तक पहुंच के लिए पृथक रैंप, विशेष शौचालय एवं अन्य सुविधाओं की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। आपात स्थिति में दर्शकों एवं खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी इवेक्यूएशन प्लान तैयार करने, ज्वलनशील पदार्थों पर अग्निरोधक छिड़काव करने तथा गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए पेयजल की निःशुल्क व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश जलदाय विभाग को दिए गए। जिला रसद अधिकारी एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मैच के दौरान परोसे जाने वाले भोजन एवं अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच करें तथा अस्थायी रसोई स्थलों पर स्वच्छता सुनिश्चित करें। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर (जयपुर शहर दक्षिण) युगान्तर शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!